जेपी उद्योग में ढुलाई कर रहे ऑपरेटरों का करीब दस करोड़ रुपये भाड़े की अदायगी कंपनी नहीं कर रही है। ऐसे में ऑपरेटरों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। हैरानी इस बात की है कि कंपनी हाईकोर्ट के आदेशों की भी खुलेआम अवहेलना कर रही है। करोड़ों रुपये भाड़ा न मिलने से ऑपरेटरों की आर्थिक स्थिति बदतर हो गई है। हालत यह है कि समय पर किस्तें न मिलने से बैंक और फाइनेंस कंपनियां ट्रकों को उठाकर ले जा रही है तो वहीं ऑपरेटर पंप मालिकों, मैकेनिकों की उधारी चुकाने में भी लाचार हैं।
इसी समस्या को लेकर शनिवार को तीनों परिवहन सभाओं के प्रबंधक कमेटियों के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक का आयोजन किय गया। इसकी अध्यक्षता खारसी सभा के प्रधान महेंद्र सिंह ठाकुर ने की। बैठक में कहा गया कि दर्जनों ट्रकों को बैंक और फाइनेंस कंपनियों ने लोन की किस्तें अदा न करने की स्थिति में उठा लिया हैं।
खारसी सभा के महासचिव दौलत सिंह ठाकुर नें बताया कि जेपी उद्योग के पास मालभाड़े का 10 करोड़ बकाया है। इसमें खारसी सभा का 6 करोड़, कोहिनूर परिवहन सभा का 2 करोड़ जबकि भूतपूर्व सैनिक ऋषि मार्कंडेय परिवहन सभा का भी 2 करोड़ रुपये भाड़ा बकाया है। उन्होंने कहा कि पिछले दो सालों से नियमित भाड़ा न देने की वजह से ऑपरेटरों की हालत बेहद खराब हो गई है। सभाओं के सैकड़ों ट्रक प्राइवेट फाइनेंस कंपनियां उठाकर ले गई हैं।
भाड़ा न मिलने की वजह से क्षेत्र के सभी पेट्रोल पंप बंद होने की कगार पर आ गए हैं। करोड़ों रुपये का बकाया पेट्रोल पंप मालिकों का ट्रक ऑपरेटरों के पास उधार पड़ा है। ट्रक भाड़ा न मिलने की वजह से इस क्षेत्र के होटल, मैकेनिक, टायर पंचर सहित अन्य कारोबारियों का कारोबार बंद होने की कगार पर पहुंच गया है। जेपी उद्योग माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों की भी अवहेलना कर रहा है।
दौलत सिंह ठाकुर ने कहा कि उन्होंने खुद एसडीएम सदर हरीश गज्जू को सारे मामले से अवगत करवा दिया है। मगर अभी तक भुगतान नहीं हो पाया। इस मौके पर कोहिनूर सभा के प्रधान प्रेम सिंह ठाकुर, उपप्रधान बबलू शर्मा, महासचिव मान सिंह ठाकुर और भूतपूर्व सैनिक परिवहन सभा के प्रधान कै. सुरेंद्र कुमार महासचिव जोगिंद्र पाल ठाकुर खारसी सभा प्रधान महेंद्र सिंह ठाकुर चेयरमैन, रोशन लाल, फौजी उपप्रधान परमानंद ठाकुर सदस्य धर्मपाल ठाकुर, परस राम ठाकुर, हेमराज शर्मा, हंसराज शर्मा और जीतराम शर्मा बैठक में उपस्थित थे। ।