-बोले, न्यायालय का फैसला आने तक बीएड धारकों को रखें बाहर
जेबीटी धारकों ने बीएड प्रशिक्षुओं को जेबीटी भर्ती में शामिल करने पर जताया विरोध
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जेबीटी भर्ती में बीएड प्रशिक्षुओं को शामिल करने के विरोध में प्रदेश जेबीटी प्रशिक्षित बेरोजगार संघ ने मंगलवार को बिलासपुर में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कॉलेज चौक से लेकर उप निदेशक शिक्षा कार्यालय तक रैली निकाली गई। इसके बाद उन्होंने उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा विभाग को ज्ञापन सौंपा।
प्रदेश अध्यक्ष मोहित ठाकुर और जिला अध्यक्ष मोहित शर्मा ने बताया कि जेबीटी बैचवाइज भर्ती में बीएड उम्मीदवारों को मौका दिया जा रहा है, जबकि उच्च न्यायालय में इस मामले पर स्टे है। वहीं सर्वोच्च न्यायालय में भी यह मामला लंबित है। अगर बीएड धारकों को इसके बावजूद इस भर्ती में शामिल किया जाता है तो, जेबीटी उम्मीदवारों को नौकरी से हाथ धोना पड़ेगा, क्योंकि जहां पर जेबीटी का 2008-10 बैच चल रहा है, वहीं बीएड उम्मीदवारों का 1998-99 बैच है। उन्होंने बताया कि राजस्थान में भी नवंबर 2022 को बीएड उम्मीदवारों को जेबीटी कैडर से बाहर कर दिया है। उन्होंने विभाग और सरकार से आग्रह किया कि जब तक यह मामला न्यायालय में है, तब तक बीएड धारकों को जेबीटी भर्ती से बाहर रखा जाए। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष अंकुश दुर्वासा और जेबीटी जुखाला के प्रशिक्षु मौजूद रहे।