-छोटी माली में कोटधार के मनु ने किया दमदार प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं उपमंडल के तहत आने वाले गुगा मोहड़ा में विशाल दंगल का आयोजन किया गया, जिसमें देश-विदेश के नामी पहलवानों ने अपने जौहर दिखाए। सभी मुकाबले रोमांचक और कांटे की टक्कर के रहे। गल में ईरान के पहलवानों ने भी दमखम दिखाया और शानदार कुश्ती का प्रदर्शन किया।
बड़ी माली के फाइनल में ईरान के सोहेल ने अपने ही देश के पहलवान मिलाद को हराकर खिताब अपने नाम किया। विजेता पहलवान को 10,000 रुपये और गुर्ज, जबकि उपविजेता मिलाद को 9,000 रुपये इनाम स्वरूप दिए गए। सेमीफाइनल में मिलाद ने फरमान पट्टी को हराया था, जबकि सोहेल ने सद्दाम कोहली को मात देकर फाइनल में जगह बनाई थी। छोटी माली के मुकाबले में कोटधार के मनु ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली के सागर को पटकनी देकर खिताब पर कब्जा जमाया। विजेता मनु को 8,100 रुपये और गुर्ज, जबकि उपविजेता सागर को 7,100 रुपये इनाम के रूप में मिले।
अंडर-20 खिताब के लिए हुए मुकाबले में बागा के सोनू और समोह के प्रिंस के बीच कड़ी टक्कर हुई। इस रोमांचक भिड़ंत में प्रिंस ने सोनू को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। विजेता प्रिंस को 5,100 रुपये, जबकि उपविजेता सोनू को 4,100 रुपये की इनामी राशि दी गई। दंगल में संजय सोनी ने बड़ा गुर्ज कमेटी को भेंट किया। दंगल कमेटी के सदस्य सतीश शर्मा ने सभी का आभार जताया। इस मौके पर सूबेदार लेखराम, राजकुमार, राम अवतार, प्रमोद, ज्ञान चंद, गणेश दत्त सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।