सदर के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर को एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। स्विमिंग एसोसिएशन ऑफ जिला बिलासपुर के जिलाध्यक्ष इशान अख्तर के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने जिला बिलासपुर के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक सदर बंबर ठाकुर को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मांग की गई कि बिलासपुर में उचित स्थान पर अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्विमिंग पुल का निर्माण किया जाए। एसोसिएशन पिछले कई वर्षों से जिला बिलासपुर के स्विमिंग के इच्छुक खिलाड़ियों को हिमाचल प्रदेश स्विमिंग एसोसिएशन के बैनर तले राष्ट्रीय स्तर पर मंच प्रदान करने के लिए प्रयासरत हैं। लेकिन बिलासपुर में स्विमिंग पुल न होने के कारण खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाते हैं। इसलिए बिलासपुर में उचित जगह पर अंतरराष्ट्रीय स्तर स्विमिंग पुल का निर्माण किया जाए। ताकि भविष्य में बिलासपुर में राज्य स्तरीय, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तरीय चैंपियनशिप का आयोजन करवाया जा सके। जिससे जिला बिलासपुर के साथ-साथ प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा निखारने का मौका मिलेगा।
स्विमिंग एसोसिएशन ऑफ जिला बिलासपुर के प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन देते हुए पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने कहा कि जल्द ही बिलासपुर में स्विमिंग पुल का निर्माण करवाया जाएगा। ताकि खिलाड़ी स्विमिंग में राज्य स्तरीय एवं राष्ट्र स्तरीय चैंपियनशिप के दौरान अच्छा प्रदर्शन कर सकें। इसके अलावा भविष्य में कॉमनवेल्थ एवं ओलंपिक स्विमिंग गेम में हिमाचल के खिलाड़ी भाग ले सकें। इस मौके पर पंडित सत्यदेव शर्मा, रेखा बिष्ट, तनवीर खान ,निशा शर्मा, अक्षिता ठाकुर, दीक्षा शर्मा ,अजय वर्मा इत्यादि विशेष रूप से मौजूद रहे।