चार दिन में 37.47 लाख नकदी, सोना 37 ग्राम, चांदी नौ किलो 19 ग्राम चढ़ा-
- माता नयना का दरबार बहुत ही अद्भुत और रमणीक, पूरी होती है हर मन्नत : लॉकेट
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी जी(बिलासपुर)। चैत्र नवरात्रों के चलते विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नैना देवी में रविवार की छुट्टी के चलते यहां श्रद्धालुओं की आस्था का सैलाब देखने को मिला। पश्चिम बंगाल की लोकसभा सदस्य लॉकेट चटर्जी समेत मंदिर में करीब 20 हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेका।
वहीं शनिवार तक मंदिर में नकदी 37.47 लाख, सोना 37 ग्राम, चांदी नौ किलो 19 ग्राम, 82 किलोग्राम गिल्ट, कनाडा डॉलर 60, यूएसए के दो डॉलर चढ़ावे के रूप में मिले हैं। रविवार को वेस्ट बंगाल की लोकसभा सदस्य लॉकेट चटर्जी ने मंदिर में मां नयना के दर्शन किए और माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। पुजारी प्रवेश कुमार शर्मा और शैलेन्द्र शर्मा ने विधिवत रूप से पूजा-अर्चना करवाई। रविवार के चलते दरबार में पांचवें नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं की भारी संख्या पर नियंत्रण करने के लिए मंदिर क्षेत्र में पुलिसकर्मियों, होमगार्ड के जवानों और पूर्व फौजियों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली और अन्य प्रदेशों से भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने माता नयना के दर्शन किए, पूजा अर्चना की हवन यज्ञ करके अपने घर परिवार के लिए सुख समृद्धि की कामना की।
वहीं पश्चिम बंगाल की सांसद लॉकेट चटर्जी ने कहा कि माता नयना का दरबार बहुत ही अद्भुत और रमणीय है। यहां पर श्रद्धालुओं की नवरात्रि पूजन करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। उन्होंने माता से मन्नत मांगी कि पूरे देश का कल्याण हो भाईचारा बढ़े। होमगार्ड के इंचार्ज गुरुदेव ने कहा कि दरबार में रविवार को भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और छोटे-छोटे जत्थों में श्रद्धालुओं को रोका गया और उन्हें लाइनों में ही माता के दर्शनों के लिए भेजा गया है।