-टूर्नामेंट में जिले के डीसी 11, एसपी 11, एसीसी, प्रेस समेत 17 टीमें लेंगी भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले के विभिन्न विभागों और संगठनों में परस्पर सहयोग, सौहार्द को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बिलासपुर अंतर विभागीय क्रिकेट लीग महत्वपूर्ण पहल है। उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने सभी टीमों के कप्तानों के साथ हुई बैठक के दौरान यह बात कही।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा आरंभ की गई इंटर डिपार्टमेंटल क्रिकेट लीग से कर्मचारियों के मध्य आपसी जान पहचान बढ़ेगी। अनुशासन, परस्पर सहयोग का भाव उत्पन्न करने के लिए यह एक नया मंच स्थापित होगा। इस टूर्नामेंट में जिले के डीसी 11, एसपी 11, एसीसी, प्रेस, एनटीपीसी, अल्ट्राटेक, जल शक्ति एवं लोक निर्माण विभाग, कृषि विभाग, विद्युत एवं एक्साइज, स्वास्थ्य, एम्स, शिक्षा विभाग, बेंच और बार एसोसिएशन, व्यापार मंडल बिलासपुर, व्यापार मंडल घुमारवीं, बैंकर्स, वन विभाग सहित 17 टीमें में भाग ले रही हैं। बताया कि इसमें लगभग 260 खिलाड़ी भाग लेंगे। टूर्नामेंट की तिथियों का एलान जल्द किया जाएगा। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से खेल के दौरान अनुशासन और खेल की भावना का परिचय देने का आग्रह किया। कहा कि विभिन्न विभागों में कार्य से परस्पर मेल मिलाप बढ़े, यह भी इस क्रिकेट टूर्नामेंट का एक उद्देश्य रहेगा। उपायुक्त ने सभी से सहयोग की अपील की। टूर्नामेंट की सफलता के लिए सक्रिय प्रयास करने को कहा।