वित्तीय समावेशन अभियान के तहत कल्लर और कचोली में शिविर आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के तहत अग्रणी जिला प्रबंधक कार्यालय बिलासपुर की ओर से ग्राम पंचायत कल्लर एवं कचोली में विशेष जागरूकता एवं वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित किए गए। इनका उद्देश्य ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ना तथा केंद्र सरकार की विभिन्न वित्तीय एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ दिलाना रहा।
शिविर में अग्रणी जिला प्रबंधक चंद्रशेखर यादव, वित्तीय साक्षरता सलाहकार विजय कुमार धीमान और यूको बैंक छड़ोल के प्रबंधक कमलदेव ने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, डिजिटल बैंकिंग, यूपीआई, आधार सीडिंग, मोबाइल बैंकिंग एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को नकदी रहित लेनदेन अपनाने और सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही शिविर के दौरान ग्रामीणों की बैंकिंग संबंधी समस्याओं का मौके पर समाधान भी किया गया और विभिन्न योजनाओं से जुड़ने की प्रक्रिया के बारे में मार्गदर्शन दिया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे सरकारी वित्तीय योजनाओं का लाभ उठाकर आर्थिक रूप से सशक्त बनने की दिशा में आगे बढ़ें।