सुबह 10:45 बजे शहीद स्मारक पर माल्यार्पण के साथ होगा कार्यक्रम का आगाज
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय समारोह 15 अगस्त को आदर्श राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र) बिलासपुर के प्रांगण में मनाया जाएगा। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 10:45 बजे मुख्य अतिथि की ओर से शहीद स्मारक (चंगर) पर माल्यार्पण से होगा। इसके बाद 11:00 बजे आयोजन स्थल पर मुख्य अतिथि का आगमन और 11:02 बजे ध्वजारोहण एवं राष्ट्रीय गान होगा। मुख्य अतिथि परेड का निरीक्षण करेंगे, जिसके बाद सुबह 11:20 बजे स्वतंत्रता दिवस का शुभ संदेश देंगे। 11:45 बजे से सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का दौर शुरू होगा, जिनमें स्वतंत्रता संग्राम, बलिदान और राष्ट्रीय एकता की भावना को दर्शाने वाले कार्यक्रम शामिल होंगे। अंत में दोपहर 12:40 बजे विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं और उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने जिले वासियों से आह्वान किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में समारोह में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक अवसर की गरिमा बढ़ाएं। मुख्यातिथि जिले की कई हस्तियों को सम्मानित करेंगे। इनमें खेल, समाजसेवा, कर्मचारी वर्ग व अन्य कई लोग शामिल होंगे।