बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ पर आजादी के अमृत महोत्सव के तहत स्वर्णिम रथ यात्रा जिले में स्वच्छता का संदेश देगी। जिला उपायुक्त पंकज राय ने बुधवार को डीसी कार्यालय परिसर से रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ यात्रा जिला के सभी विकास खंडों में निकाली जाएगी तथा इसमें 100 दिनों तक स्वच्छता का संदेश दिया जाएगा। रथ यात्रा का आयोजन जिला ग्रामीण विकास अभिकरण की ओर से किया गया है।
इस मौके पर उपायुक्त पंकज राय ने घुमारवीं, सदर, श्री नयना देवी जी और झंडूता विकास खंडों के स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं समेत अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों को स्वच्छ हिमाचल स्वस्थ हिमाचल के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। उन्होंने बताया कि 15 सितंबर से 22 अक्तूूबर के बीच प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में एक एक दिन स्वच्छता जागृति यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा के दौरान सार्वजनिक स्थलों की सफाई के लिए गांवों में श्रमदान, सोक पिट का निर्माण, कंपोस्ट पिट, प्लास्टिक कचरा संग्रहण और घर-घर जाकर कचरा संग्रहण किया जाएगा। इस अवसर पर एडीसी तोरुल रवीश, एसडीएम सदर योगराज धीमान, पीओ डीआरडीए राजेंद्र गौतम, विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।