बिलासपुर। मार्केट कमेटी कांपलेक्स के दुकानदारों ने सिटी पुलिस चौकी के समीप नेशनल हाईवे किनारे अवैध कब्जों का मामला एक बार फिर जोरशोर से उठाया है। अवैध कब्जों से पैदा हुई पार्किंग समस्या को लेकर दुकानदारों ने उपायुक्त बिलासपुर को फिर से ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। 16 नवंबर को भी इस मामले में दुकानदारों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा था।
उपायुक्त को सौंपे ज्ञापन में दुकानदारों ने कहा कि राजमार्ग से अवैध कब्जे हटाने के बजाए वहां बाकी बची थोड़ी सी जगह पर पुलिस प्रशासन ने नो पार्किंग का बोर्ड लगा दिया है। अब दुकानदारों और ग्राहकों को वहां गाड़ी खड़ी करने पर चालान की चेतावनी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि बस अड्डा चौक के साथ लगते मार्केट कमेटी कांप्लेक्स की छत पर पहले पार्किंग बनाने का प्रस्ताव था। बाद में अवैध कब्जों को हटाकर संबंधित लोगों के पुनर्वास की दृष्टि से प्रशासन ने इस भवन की छत पर 26 बूथ बनाकर उन्हें अलॉट कर दिया। अब उन्हीं लोगों ने अपने बूथ दूसरों को किराये पर दे दिए हैं और खुद फिर से नेशनल हाईवे के किनारे अवैध कब्जे कर लिए हैं। मार्केट कमेटी कांप्लेक्स के दुकानदारों और ग्राहकों के लिए गाड़ियां खड़ी करने की जगह केवल शहरी पुलिस चौकी बिलासपुर के नीचे नेशनल हाईवे के दोनों ओर है। लेकिन, अवैध कब्जों की वजह से पार्किंग सुविधा नहीं मिल रही है।
उन्होंने बताया कि प्रभावित दुकानदारों ने मार्केट कमेटी के सचिव को भी समस्या से अवगत करवाया था। सचिव ने यह मामला प्रशासन के समक्ष रखा। प्रशासन की ओर से मामले की जांच व कार्रवाई के निर्देश दिए गए। आरटीआई से हासिल की गई जानकारी के अनुसार संबंधित विभाग और पुलिस ने यह जवाब देकर पल्लू झाड़ लिया है कि अवैध कब्जा करके दुकानदारी करने वाले लोग नगर परिषद के पास पर्ची कटवाते हैं, लिहाजा यह मामला नगर परिषद के अधिकार क्षेत्र का है। वहीं, दूसरी ओर नगर परिषद का कहना है कि वह नेशनल हाईवे के किनारे बनाए गए खोखो और रेहड़ियों की पर्ची नहीं काटती है। दुकानदारों ने उपायुक्त से मौके का जायजा लेकर अवैध कब्जों को हटाने की मांग की है।