- ओल्ड पंजाब नेशनल बैंक के पास बनाई अवैध पार्किंग
- स्थानीय दुकानदारों के साथ आम जनता परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। शहर में पार्किंग की समस्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही है। आलम यह है कि लोगों को अपने वाहन खड़े करने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मुख्य बाजार में ओल्ड पंजाब नेशनल बैंक के पास गाड़ियों की अवैध पार्किंग और जनता की परेशानी सहज ही देखी जा सकती है। वहां पर बेतरतीब ढंग से खड़े किए गए वाहनों से न सिर्फ स्थानीय दुकानदार परेशान हैं, बल्कि आम जनता भी दुखी है। इस स्थान के आसपास अधिकांश बैंक और दुकानें हैं। लोग अपने रोजमर्रा के कामों को लेकर यहां पर आते हैं, लेकिन नजदीक किसी प्रकार की फ्री पार्किंग न होने के कारण लोग इस स्थान पर अपने वाहनों को खड़ा कर काम के लिए निकल जाते हैं। इससे यहां पर जगह बहुत तंग हो जाती है। यहां पर दोपहिया वाहनों का गुजरना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में राहगीरों के साथ वाहनों का टकराना आम बात है। स्थानीय निवासी पूर्व पार्षद मास्टर सुखराम, श्रीराम गुप्ता, मनीश खान, विवेक गुप्ता, पारस, सनातन गौतम, फिरोज खान, जितेंद्र कुमार, भारत भूषण दबड़ा ने बताया कि यहां पर वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए लोहे के एंगल लगाए गए हैं। ऐसे में लोग अपनी गाड़ियों को यहीं पर खड़ा कर देते हैं। चूंकि अन्य लोग भी पहले से खड़े वाहनों के पीछे अपने वाहन खड़े कर अपने कामों के लिए निकल जाते हैं। अधिकांश दुकानदारों के आवास और दुकानें साथ ही हैं। ऐसे में कोई व्यक्ति यदि बीमार हो जाए तो गाड़ी निकालना मुश्किल हो जाता है।
उधर, एएसपी शिव कुमार चौधरी ने कहा कि यह मामला उनके ध्यान में आया है। इसके बारे में यदि स्थानीय व्यापार मंडल हस्तक्षेप कर विभाग को शिकायत करे तो निश्चित तौर पर कार्रवाई की जाएगी। लोहे के एंगल को हटाने के बारे में भी व्यापार मंडल की सहमति जरूरी
है।