रेल लाइन की टनल में हो रही भारी ब्लास्टिंग के विरोध में उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते विधायक रणधीर
- फोटो : credit
टनल नंबर-10 में हो रही ब्लास्टिंग पर थापना के लोगों ने दी चेतावनी
विधायक रणधीर शर्मा की अगुवाई में उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
बोले, कंपनी आधी रात को कर रही भारी ब्लास्टिंग, घरों में आई दरारें
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। भानुपल्ली-बिलासपुर रेल लाइन पर निर्माणाधीन टनल नंबर-10 में हो रही भारी ब्लास्टिंग पर अब थापना गांव के लोग आक्रोशित हो गए हैं। उन्होंने चेताया है कि अनियंत्रित ब्लास्टिंग नहीं रुकी और उनके मकानों को हुए नुकसान की भरपाई नहीं हुई तो टनल के काम को बंद कराया जाएगा।
थापना गांव के लोगों ने शुक्रवार को विधायक रणधीर शर्मा की अगुवाई में उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से बताया कि रेल लाइन पर टनल नंबर-10 में रही भारी ब्लास्टिंग से स्थानीय जनता को भारी परेशान हो रही है। 9 अप्रैल की रात 2:30 बजे और तड़के 4:00 बजे निर्माण कर रही कंपनी ने टनल में बिना पूर्व सूचना के भारी ब्लास्टिंग की, जिससे कई घरों में दरारें आ गईं। कई मकान गिरने की स्थिति में आ गए हैं। लोगों ने यह भी कहा कि वे लोग इस मुद्दे को लेकर एसडीएम स्वारघाट से भी मिले, लेकिन उनसे भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि भारी ब्लास्टिंग से क्षतिग्रस्त हुए मकानों के नुकसान की भरपाई कंपनी से कराई जाए। कंपनी को नियंत्रित ब्लास्टिंग करने के निर्देश दिए जाए। ब्लास्टिंग करने से पहले ग्रामीणों को सूचना दी जाए। रात के समय ब्लास्टिंग पर पूरी तरह से रोक लगाई जाए। साथ की कंपनी को कच्चे अप्रोच पर पानी के छिड़काव के निर्देश दिए जाएं ताकि वाहनों से उड़ने वाली धूल को रोका जा सके। विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि रेल लाइन के निर्माण में लगी कंपनियां मनमानियां कर रही हैं। लोगों को प्रताड़ित करने का काम कर रही हैं। टनल नंबर-10 में भी हाल ही में भारी ब्लास्टिंग की गई, जिससे कई मकानों में दरारें आईं। लोग एसडीएम के पास भी गए, लेकिन उन्होंने लोगों की आवाज को सही तरीके से नहीं सुना। इसी कारण लोगों को उपायुक्त के पास आना पड़ा है। उपायुक्त ने उनकी मांगों को सुना है। उपायुक्त की ओर से तुरंत एक विभागीय अधिकारियों की कमेटी गठित कर दी गई है। यह कमेटी लोगों के हुए नुकसान का आकलन करेगी और उसकी भरपाई कराएगी। उन्होंने कहा कि जनता के हक में कोई परिणाम नहीं आए तो लोगों आंदोलन करने का मजबूर होंगे पड़ेगा। यदि टनल का काम रोकना भी पड़े तो वह भी करेंगे। इस मौके पर ग्राम पंचायत कुटेहला के प्रधान भाग सिंह ठाकुर, उप प्रधान रामपाल, मनसा राम, कृष्ण लाल आदि ग्रामीण मौजूद रहे।