घुमारवीं कॉलेज में दो दिवसीय अंतर-विषयक सेमिनार का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। स्वामी विवेकानंद राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं में दो दिवसीय अंतर-विषयक सेमिनार फ्रंटियर ऑफ लर्निंग : इंटीग्रेटेड ऑल स्ट्रीम ऑफ नॉलेज का मंगलवार को समापन हुआ। इस अवसर पर समाजसेवी सोनिका धर्माणी मुख्यातिथि के रूप में मौजूद रही।
सेमिनार के दूसरे दिन की सह-संयोजक डॉ. अवनीश कुमार ने पहले दिन की रिपोर्ट प्रस्तुत की। सुबह के सत्र में गणित विशेषज्ञ और सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य डॉ. केएल वर्मा तथा थापर इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, पंजाब की प्रो. लवलीन कौर प्रमुख वक्ता रहीं। डॉ. वर्मा ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डाटा साइंस के उद्भव, विकास और वर्तमान उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
प्रो. लवलीन कौर ने सतत भविष्य के लिए ऊर्जा समाधान विषय पर व्याख्यान दिया और हाइड्रोजन को स्वच्छ व टिकाऊ ऊर्जा विकल्प के रूप में प्रस्तुत किया। दोपहर के सत्र में एनआईटी हमीरपुर के डॉ. रॉबिन भदौरिया ने जनरेटिव एआई और सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) के समन्वय पर व्याख्यान दिया। समापन सत्र में संयोजक डॉ. सूर्यकांत धीमान ने दो दिवसीय आयोजन की रिपोर्ट प्रस्तुत की।
सोनिका धर्माणी ने महाविद्यालय परिवार को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और कहा कि ऐसे सेमिनार विद्यार्थियों को नई तकनीकों और शोध की दिशा में प्रेरित करते हैं। उन्होंने नवाचार और शिक्षा के सम्मिलन पर जोर देते हुए शैक्षणिक संस्थानों में अनुसंधान संस्कृति को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई।
इस अवसर पर प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में आयोजन सचिव डॉ. अतुल गुप्ता, प्राचार्य प्रो. प्रीतम, पीटीए प्रधान शशि भूषण ठाकुर, मीडिया प्रभारी मनोहर लाल, नगर परिषद उपाध्यक्ष श्याम शर्मा और ग्राम पंचायत सेऊ के पूर्व प्रधान राजेश कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।