एनटीपीसी कोलडैम स्टेशन में आयोजित हाइड्रो सम्मेलन के शुभारंभ के दौरान उपस्थित अधिकारी।
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। एनटीपीसी कोलडैम स्टेशन में वीरवार को दो दिवसीय हाइड्रो सम्मेलन का शुभारंभ किया गया। सम्मेलन में विभिन्न हाइड्रो पावर स्टेशनों की सिविल संरचनाओं की निगरानी, प्रचालन और अनुरक्षण के बारे में किए जा रहे बेहतर कार्यों की जानकारी साझा की जाएगी, ताकि अलग-अलग पावर स्टेशनों में आने वाली चुनौतियों और उसके निराकरण के बारे में जानकारी प्राप्त हो सके।
कार्यक्रम की शुरुआत शुभोजित घोष, कार्यकारी निदेशक प्रचालन सेवाएं टरवाइन, सतीश उपाध्याय, कार्यकारी निदेशक हाइड्रो पावर स्टेशन, नंदन सिंह ठाकुर, मुख्य महाप्रबंधक कोलडैम की ओर से दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
सम्मेलन के उद्घाटन के दौरान उपस्थित मुख्य अतिथियों ने इस सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए विभिन्न विषयों पर प्रस्तुत किए जाने वाले महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अमल करने पर जोर दिया। सम्मेलन में एनटीपीसी के अलावा अन्य हाइड्रो क्षेत्र से जुड़ी परियोजनाओं के प्रतिनिधि और विशेषज्ञ भी भाग ले रहे हैं। इनमें जिसमें एनएचपीसी, टीएचडीसी, बीबीएमबी और निपको के अधिकारी तथा आईआईटी मंडी के विशेषज्ञ भी शामिल हुए। सम्मेलन में विशेषकर हाइड्रो पावर स्टेशनों के प्रचालन, अनुरक्षण, सिविल क्षेत्र की संरचनाओं की निगरानी, बांध की सुरक्षा, नदी में बाढ़ आने की स्थिति में बचाव के उपाय, नदी प्रवाह पूर्वानुमान प्रणाली को स्थापित करना, हिमालयन भूविज्ञान की चुनौतियों से निपटने के लिए आवश्यक उपकरणों को स्थापित कर भविष्य में होने वाले नुकसान को कम करना आदि विषयों पर विभिन्न परियोजनाओं से आए प्रतिनिधि अपना अनुभव साझा किए।