भराड़ी (बिलासपुर)। नसवाल के कृष्णू राम का जल्द घर और शौचालय बनेगा। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। नसवाल गांव के कृष्णू राम के घर का मुआयना करने सोमवार को अधिकारी पहुंचे। घुमारवीं उपमंडल की सेऊ पंचायत के नसवाल गांव में जर्जर हो चुके मकान में रहने को मजबूर कृष्ण राम के मकान का मुआयना किया। मौके पर एसडीएम घुमारवीं का जिम्मा संभाल रहे तहसीलदार जयगोपाल व बीडीओ स्पर्श शर्मा ने जल्द मकान बनाने के पंचायत व अधिकारियों को निर्देश दिए।
अधिकारियों ने मकान की जर्जर हालत को देखते हुए परिवार को दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया है। जयगोपाल ने बताया कि जिलाधीश ने मामले में तुरंत कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को जल्द से मकान बनाने के आदेश दिए। बीडीओ स्पर्श शर्मा ने भी पंचायत सचिव और पंचायत प्रधान को शीघ्र इस परिवार को शौचालय व मकान बनाने की प्रक्रिया पूरी करने के आदेश दिए। कहा कि रिपोर्ट जिलाधीश को भेजी जाएगी। उन्होंने बताया कि फौरी राहत के तौर पर परिवार को दस हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। इसके अलावा तिरपाल व अन्य जरूरी सामान भी मुहैया करवाया जा रहा है। गौर हो कि नसवाल गांव के कृष्ण राम का परिवार दयनीय हालात में जीवन यापन कर रहा है। खुद अपाहिज है। पत्नी मानसिक तौर पर अस्वस्थ है। चार बेटियां मानसिक रूप से कमजोर हैं।