बरमाणा के गुग्गा मेला में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में प्रस्तुति देते हिमाचल पुलिस आर्केस्ट्रा
बरमाणा गुग्गा मेला उत्सव की रजत जयंती का समापन
देशभक्ति व सांस्कृतिक गीतों से गूंजा मेले का पंडाल
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बरमाणा गुग्गा मेला उत्सव की रजत जयंती का समापन हिमाचल पुलिस आर्केस्ट्रा हारमनी ऑफ द पाइंस की शानदार प्रस्तुतियों के साथ हुआ। बारिश के बावजूद पंडाल खचाखच भरा रहा और पुलिस बैंड ने देशभक्ति व सांस्कृतिक गीतों से दर्शकों का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम शाम सात बजे शुरू होना था, लेकिन दोपहर बाद बारिश ने आयोजन समिति की चिंता बढ़ा दी। गुग्गा जाहर पीर देव से अरदास के बाद मौसम खुला और जैसे ही पुलिस बैंड मंच पर पहुंचा, तालियों की गड़गड़ाहट से पंडाल गूंज उठा। पुलिस बैंड ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। देशभक्ति गीतों ने जहां माहौल को जोश से भर दिया, वहीं हिमाचली, पंजाबी और हिंदी गीतों पर दर्शक थिरकते रहे। लोगों ने मोबाइल फ्लैशलाइट्स जलाकर प्रस्तुति का आनंद लिया और देर तक वाह-वाह के नारे लगते रहे। मुख्य अतिथि एसीसी अदाणी सीमेंट ग्रुप के सीएमओ मुकेश सक्सेना ने कहा कि गुग्गा मेला बरमाणा की पहचान है और ऐसे आयोजन क्षेत्र के लिए गर्व का विषय हैं। उन्होंने लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर एसीसी प्लांट की गरिमा को ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया। समापन अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में अधिवक्ता शिवपाल मनहंस, एचआर हेड पदम नाभ शर्मा और सीएसआर हेड हितेंद्र कपूर भी मौजूद रहे।