तलाई के कलोल क्षेत्र में किराये के कमरे में रह रहे पॉलिटेक्निक कॉलेज कलोल के छात्र ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। गौरव (19) गांव और डाकघर कच्छेहरा, तहसील जयसिंहपुर कांगड़ा का रहने वाला था। वह इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के छठे सेमेस्टर का छात्र था। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कमरे का दरवाजा खुला मिला और छात्र का शव छत के पंखे के कुंडे से लटका पाया गया। कमरे में प्लास्टिक की कुर्सी भी रखी मिली। मौके पर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर शव को नीचे उतारा गया। प्रारंभिक निरीक्षण में शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए।
पुलिस के अनुसार मकान मालिक, गवाहों और छात्र के पिता ने किसी तरह का शक जाहिर नहीं किया है। कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल घुमारवीं भेजा गया। पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
मां के दुपट्टे का फंदा बना पंखे से लटक गया युवक
बरोटीवाला की बिहार कॉलोनी में रहने वाले युवक तनुष पुरी (29) ने पंखे में लटक कर आत्महत्या कर ली। युवक पिछले कई वर्षों से अपनी मां के साथ बिहार कॉलोनी में रहता था। हालांकि, वह मूल रूप से पंजाब के मोहाली का रहने वाला था।
युवक की मां चंडीगढ़ में जॉब करती है। शाम के समय जब वह ड्यूटी से लौटीं तो इसके कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पड़ोस में रहने वाले लोगों की मदद से महिला ने दरवाजा बालकनी से खुलवाया तो देखा कि बेटा चुनरी से फंदा लगाकर पंखे से लटका हुआ था।
महिला ने बरोटीवाला पुलिस को सूचना दी और युवक को पंखे से नीचे उतारा। शनिवार को युवक का नालागढ़ अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया और शव को परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। मृतक गैस और चिमनी ठीक करने का कार्य करता था। उधर, एएसपी अशोक वर्मा ने मामले की पुष्टि की है। करते हुए बताया कि युवक का नालागढ़ अस्पताल में पोस्टमार्टम करा दिया है।