वीरवार को बारिश होने के दौरान छाता लेकर निकले दो युवक।
- फोटो : BILASPUR
झंडूता(बिलासपुर)। क्षेत्र में वीरवार को हुई बारिश से लोगों को गर्मी से तो राहत मिली, वहीं बारिश और तूफान से जनजीवन भी प्रभावित हुआ।
बारिश के साथ तूफान और बिजली गिरने से क्षेत्र में कुछ घंटों तक विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। इस कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि बोर्ड कर्मचारियों ने बाद में बिजली को बहाल कर दिया।
सुबह के समय क्षेत्र में घनघोर बादल छा गए। इसके बाद तेज तूफान और बारिश शुरू हो गई। वहीं, बिजली गिरने के कारण झंडूता क्षेत्र में कुछ देर तक बिजली व्यवस्था पूरी तरह से बंद हो गई।
कांगू से कंदरौर झंडूता को आने वाली 33 केवी लाइन के देलग के पास बिजली की लाइन के तार टूटने और बिजली उपकरणों को नुकसान पहुंचा। इस कारण बिजली की आपूर्ति काफी देर तक बाधित हो गई। विद्युत बोर्ड सब डीविजन झंडूता के सहायक अभियंता राज कुमार ठाकुर ने बताया कि तूफान और बारिश के साथ झंडूता 33 केवी सबस्टेशन को आने वाली बिजली की लाइन पर बिजली गिरने से तार टूट गए और बिजली उपकरण को नुकसान हुआ है। बोर्ड के कर्मचारियों ने इसे सही कर बिजली व्यवस्था को बहाल कर दिया है।