घुमारवीं में राधा स्वामी सत्संग भवन में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर का निरीक्षण करतीं शहरी विकास मं?
- फोटो : BILASPUR
घुमारवीं(बिलासपुर)। प्रदेश सरकार की शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी ने जिला बिलासपुर के उपमंडल घुमारवीं में कोविड-19 की महामारी के दौरान बनाए गए क्वारंटीन केंद्रों का निरीक्षण किया। सरवीण चौधरी वीरवार देर शाम घुमारवीं पहुंची थीं जहां पर राधा स्वामी सत्संग भवन में बनाए गए क्वारंटीन केंद्र में रह रहे व्यक्तियों से मिलीं और उनसे बातचीत की।
शहरी विकास मंत्री ने स्थानीय प्रशासन की ओर से इन लोगों को प्रदान की जा रही सुविधाओं को जांचा जिस पर उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि बहुत ही अच्छी व्यवस्था स्थानीय प्रशासन की ओर से की गई है।
इस मौके पर स्थानीय विधायक राजेंद्र गर्ग भी मौजूद रहे। उपमंडल अधिकारी नागरिक शशिपाल शर्मा ने बताया कि क्वारंटीन केंद्र में रह रहे सभी लोगों के लिए उचित प्रबंध किए गए हैं। मनोरंजन के लिए टीबी, एलसीडी की बेहतरीन व्यवस्था की गई है। योग भी करवाया जा रहा है ताकि सभी लोग मानसिक रूप से स्वस्थ रहें। उन्होंने बताया कि क्वारंटीन केंद्रों में रखे गए सभी लोगों का समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कर जरूरत अनुसार आवश्यक दवाइयां भी निशुल्क प्रदान की जा रही है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग से विशेष रूप से डॉक्टरों की तैनाती की गई है।
उन्होंने बताया कि क्वारंटीन केंद्रों को प्रतिदिन दो बार सैनिटाइज भी किया जा रहा है ताकि किसी भी प्रकार के वायरस के संक्रमण की संभावना ही ना रहे। क्वारंटीन केंद्रों में सुरक्षा के लिए पुलिस जवान तैनात किए गए हैं जो चौबीस घंटे इन परिसरों की निगरानी कर रहे हैं। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष राकेश चोपड़ा, बाल विकास परियोजना अधिकारी झंडूता नरेंद्र कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।