बिलासपुर। जिले के हरनोड़ा गांव में एक साथ 12 बच्चों का मानसिक रूप से कमजोर होने के मामले में ‘अमर उजाला’ में खबर प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। शुक्रवार को उपायुक्त के आदेश के बाद सीएमओ बिलासपुर ने बीएमओ मार्कंडेय की अध्यक्षता में एक टीम का गठन किया। टीम ने शुक्रवार को हरनोड़ा गांव का निरीक्षण किया। इस संबंध में पूरी रिपोर्ट दो दिन के अंदर सीएमओ को देनी होगी।
उल्लेखनीय है कि बिलासपुर के हरनोड़ा गांव में एक ही जगह 12 बच्चे मानसिक रूप से कमजोर हैं। हैरानी की बात यह है कि सभी बच्चे साल 2000 के बाद पैदा हुए हैं। वहीं इन बच्चों के परिवार में किसी भी इंसान को इस तरह की कोई समस्या नहीं है लेकिन अभी तक इस बात का पता नहीं चल पाया है कि इन बच्चों का मानसिक विकास किन कारणों से रुका हुआ है।
शुक्रवार को बीएमओ मार्कंडेय की अध्यक्षता में बनी टीम में दो डॉक्टर, एक फार्मासिस्ट और एक एएनएम हरनोड़ा पहुंचे। टीम ने सभी जगह से बच्चों से जुड़ी जानकारियां एकत्रित की। टीम में डॉक्टर चंद्रकांत और डॉक्टर शिल्पा ने आंगनबाड़ी केंद्रों से उक्त बच्चों की जानकारी ली।
वहीं मौके पर पहुंची डॉक्टर शिल्पा ने बताया कि हरनोड़ा पंचायत में बहुत सारे बच्चे मानसिक रूप से कमजोर हैं। वहीं उन्होंने कहा कि डेढ़ साल पहले ‘अमर उजाला’ में जब इसकी खबर प्रकाशित हुई थी तो विभाग की तरफ से इसका सर्वे किया गया था। इसमें तीन बच्चे इसी पंचायत के कसोल गांव के भी हैं जिसको मिलाकर इन बच्चों की संख्या 15 हो जाती है। डॉक्टर शिल्पा ने बताया कि उस दौरान पता चला था कि यहां के पानी में शिल्ट है लेकिन यह ऊंचे स्तर की जांच का विषय है। बताया कि उक्त बच्चों में कुछ बच्चे जन्म के साथ ही मानसिक रूप से कमजोर हैं वहीं बड़े स्तर की जांच के बाद ही इस रहस्य से पर्दा उठ पाएगा।
इनसेट....
दो दिन में सौंपेेंगे रिपोर्ट
ग्राम पंचायत हरनोड़ा में अभी तक 15 बच्चे ऐसे पाए गए हैं जो मानसिक रूप से कमजोर हैं। उनकी टीम इस पर काम कर रही है। रिपोर्ट तैयार कर बीएमओ के माध्यम से सीएमओ को 2 दिनों में रिपोर्ट सौंप दी जाएगी।
...डॉक्टर चंद्रकांत
इनसेट
रिपोर्ट आने पर करेंगे मंथन
हमने बीएमओ मार्कंडेय की अध्यक्षता में एक टीम का गठन किया है। उन्हें दो दिन में रिपोर्ट जमा करवाने को कहा है। रिपोर्ट आने के बाद उस पर विचार-विमर्श किया जाएगा। वहीं अगर आवश्यकता हुई तो चंडीगढ़ में स्पेशल टीम को लिखा जाएगा और उन्हें इस मामले की जांच सौंपी जाएगी।
-प्रकाश दड़ोच, सीएमओ बिलासपुर