बिलासपुर। पुलिस ने नाके के दौरान बस में सवार एक युवक से चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चिट्टे को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने उक्त कार्रवाई सुंगल के पास नाके के दौरान की। एसपी बिलासपुर दिवाकर शर्मा ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक टीम ने सुंगल के पास नाका लगा रखा था। इसी दौरान बिलासपुर की ओर से एक निजी बस को चेकिंग के लिए रोका गया। पुलिस ने बस की सवारियों के सामान की भी चेकिंग की। इसी दौरान बस में बैठा भूपेंद्र सिंह निवासी हवाडू तहसील बल्ह जिला मंडी पुलिस को देख कर घबरा गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली। भूपेंद्र सिंह के पास से पुलिस को 5.81 ग्राम चिट्टा मिला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह चिट्टा कहां से लेकर आया है।
उल्लेखनीय है कि बिलासपुर जिले में आए दिन लोग चिट्टे के साथ पकड़े जा रहे हैं क्योंकि पंजाब के साथ जिले की सीमा सटी है जिस कारण यहां चिट्टा आसानी से पहुंच रहा है। पुलिस ने करोड़ों रुपये का चिट्टा अब तक पकड़ लिया है लेकिन इसके बाद भी जिले में चिट्टे का कारोबार कम होने का नाम नहीं ले रहा है।
एसपी बिलासपुर दिवाकर शर्मा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी मंडी जिला से संबंध रखता है। उन्होंने कहा कि पुलिस आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही है। उन्होंने साफ किया है कि नशे के कारोबार करने वाले लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।