गुगा मोहड़ा स्कूल में किशोर स्वास्थ्य दिवस मनाया
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। स्वास्थ्य विभाग खंड झंडूता की ओर से पीस कॉटेज हाई स्कूल गुगा मोहड़ा में किशोर स्वास्थ्य दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल की प्रधानाचार्य सदेश कुमारी ने की। स्वास्थ्य खंड झंडूता से स्वास्थ्य शिक्षक दीप कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य शिक्षक दीप कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम की शुरुआत भारत सरकार की ओर से 7 जनवरी 2014 को की गई थी। इस कार्यक्रम के अंतर्गत 10 से 19 वर्ष आयु वर्ग के किशोर-किशोरियों को शामिल किया गया है। देश में लगभग 25 करोड़ किशोर-किशोरियां हैं, जिनके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास के लिए यह कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण है। किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत छह प्रमुख पहलुओं-पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, चोट एवं हिंसा, प्रजनन स्वास्थ्य, नशा, रक्त अल्पता एवं गैर संचारी रोगों पर विशेष रूप से कार्य किया जाता है। उन्होंने किशोरावस्था में होने वाले हार्मोनल परिवर्तनों और उनसे जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं की जानकारी देते हुए समय पर उपचार के लिए जागरूक किया।
स्वास्थ्य शिक्षक ने नशे के बढ़ते प्रचलन पर चिंता जताते हुए कहा कि नशा किसी भी प्रकार का हो, शरीर और भविष्य दोनों के लिए घातक है। उन्होंने छात्रों को फास्ट फूड से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि इससे मोटापा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप और कैंसर जैसी बीमारियों का खतरा किशोरावस्था से ही बढ़ने लगता है।
कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बताया गया कि किशोरावस्था में आपसी हिंसा, डिप्रेशन, आत्महत्या, पानी में डूबना और एचआईवी/एड्स जैसी समस्याएं मौत का कारण बन रही हैं। मानसिक परेशानी होने पर राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत 14416 टोल फ्री नंबर पर सहायता लेने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए भाषण एवं चार्ट प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। भाषण प्रतियोगिता में सूर्यांश ने पहला, सानवी ने दूसरा और जतिन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं चार्ट प्रतियोगिता में खुशबू ठाकुर पहले, कृतिका ठाकुर दूसरे और अंशिका भाटिया तीसरे स्थान पर रहीं। सभी विजेताओं को स्वास्थ्य विभाग की ओर से पुरस्कृत किया गया।