- सर्वसम्मति से हुआ प्रबंधन समिति का गठन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोठीपुरा में सोमवार को विद्यालय प्रबंधन समिति का पुनर्गठन किया गया। सर्वसम्मति से हंसराज को समिति का प्रधान नियुक्त किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य निर्मला ठाकुर ने की।
उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में शिक्षा विभाग के तहत कार्यरत सभी सरकारी स्कूलों में बच्चों के लिए निशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा अधिनियम, 2009 के सेक्शन 21 के तहत ग्रामीण शिक्षा समितियों को पुनर्गठित कर स्कूल प्रबंधन समितियों का गठन किया गया है। स्कूल प्रबंधन समिति का मुख्य उद्देश्य शिक्षक, माता-पिता और अन्य हितधारक की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित कर एक शिक्षित, सभ्य एवं सशक्त नागरिक का निर्माण करना है, ताकि एक सुदृढ़ राष्ट्र का निर्माण हो सके। सरल शब्दों में इसका अर्थ है कि किसी स्कूल के मामलों का प्रबंधन करना है। इसके बाद स्कूल में पुरानी कमेटी को भंग कर नई कमेटी का गठन किया गया। शिक्षक कमल सिंह, प्रवक्ता वाणिज्य ने बताया कि उपस्थित विद्यार्थियों के माता-पिता व ग्रामीणों के सामने सत्र 2023-24 का लेखा-जोखा रखा गया। सभी अभिभावकों को स्कूल प्रबंधन कमेटी गठन का कारण, दायित्व व जिम्मेदारी को विस्तार से बताया गया। पिछली कमेटी के सदस्यों ने अपना त्याग-पत्र दिया। सर्वसम्मति से मनोरमा देवी, सुषमा कुमारी, नीलम, पवन कुमार, संजय कुमार और किशोरी लाल को सदस्य चुना गया। चयनित कमेटी को कमल सिंह प्रभारी स्कूल प्रबंधन समिति ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलवाई। इस मौके पर सभी अध्यापक व प्राध्यापक मौजूद रहे।