कोटला पंचायत के पटवारखाना बलवाड़ में खराब हैंडपंप के पास खड़ी महिलाएं। संवाद
विभाग ने हैंडपंप की फ्लैशिंग के लिए टेंडर किया है आमंत्रित
संवाद न्यूज एजेंसी
जुखाला (बिलासपुर)। जुखाला क्षेत्र की दांवीघाटी स्थित कोटला पंचायत के पटवारखाना बलवाड़ में लगे तीन हैंडपंप पिछले करीब तीन महीनों से खराब पड़े हैं। इसके चलते स्थानीय लोगों और राहगीरों को पीने के पानी की भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पंचायत प्रधान पूनम शर्मा, अमरचंद, नरेश पाठक, सुनीता सोनी और विनोद कुमार ने बताया कि पटवारखाना का हैंडपंप लंबे समय से खराब है, जिससे आसपास के वाशिंदों के साथ-साथ राहगीरों को भी पानी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि इस समस्या को लेकर जल शक्ति विभाग को कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके अलावा अमरचंद के घर के पास स्थित हैंडपंप और गांव बलवाड़ में एक अन्य हैंडपंप भी करीब तीन महीनों से खराब हैं, जिससे कई परिवार पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों ने जल शक्ति विभाग से जल्द हैंडपंप ठीक करने की मांग की है। उधर, जल शक्ति उपमंडल जुखाला के सहायक अभियंता निशांत कपूर ने बताया कि पटवारखाना के हैंडपंप की फ्लैशिंग के लिए टेंडर आमंत्रित किया गया है। टेंडर अवार्ड होते ही इसे दुरुस्त कर दिया जाएगा, जबकि अन्य खराब हैंडपंपों को भी जल्द ठीक किया जाएगा।