एम्स बिलासपुर के नर्सिंग कॉलेज में आयोजित स्वास्थ्य शिक्षा कार्यक्रम में मौजूद चिकित्सक व अन्य।
एम्स बिलासपुर में आईसीयू के तीमारदारों को किया जागरूक
संक्रमण नियंत्रण, संवाद और मानसिक सहयोग के बारे में दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। एम्स बिलासपुर के नर्सिंग कॉलेज के एमएससी नर्सिंग विद्यार्थियों ने आईसीयू में भर्ती मरीजों के तीमारदारों के लिए एक जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिक्षा कार्यक्रम आयोजित किया। यह कार्यक्रम डॉ. मोनालिजा और डॉ. मोनिका शर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें आईसीयू में मरीजों की देखभाल से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने तीमारदारों को आईसीयू के वातावरण और वहां की कार्यप्रणाली को समझाने के साथ संक्रमण से बचाव के उपायों पर विशेष जोर दिया। हाथों की स्वच्छता को मरीजों की सुरक्षा के लिए सबसे अहम बताते हुए इसके सही तरीके भी समझाए गए। इसके अलावा स्वास्थ्य कर्मियों के साथ प्रभावी संवाद स्थापित करने और मरीजों को भावनात्मक सहयोग देने के तरीकों पर भी मार्गदर्शन किया गया। बताया कि आईसीयू में कई बार जटिल परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने पड़ते हैं, ऐसे में तीमारदारों की समझ और सहयोग बेहद महत्वपूर्ण होता है। विद्यार्थियों ने क्लीनिकल निर्णय प्रक्रिया की बुनियादी जानकारी साझा करते हुए तीमारदारों को जागरूक करने का प्रयास किया। कार्यक्रम में तीमारदारों के स्वयं के स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई गई। विशेषज्ञों ने कहा कि लंबे समय तक आईसीयू में मरीज की देखभाल के दौरान तीमारदार तनाव और थकान का शिकार हो सकते हैं, इसलिए उनके लिए स्वयं की देखभाल भी उतनी ही जरूरी है। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने इसे बेहद उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें आईसीयू से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं को समझने में मदद मिली है। साथ ही उन्होंने ऐसे कार्यक्रमों को समय-समय पर आयोजित किए जाने की आवश्यकता भी जताई, ताकि तीमारदार बेहतर तरीके से मरीजों की देखभाल में अपनी भूमिका निभा सकें।