जिले की 182 ग्राम पंचायतों में तीन चरणों में होना है चुनाव,
डोर टू डोर कर सकेंगे संपर्क
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को लेकर पहले चरण में होने वाले मतदान के लिए रविवार शाम से प्रचार थम जाएगा। इस दौरान 62 पंचायतों में मतदाता वोट डालेंगे। दूसरे चरण में 28 मई को भी 62 और तीसरे चरण में 30 मई को 58 ग्राम पंचायतों में मतदान कराया जाएगा।
जिले में 24 मई की शाम से बाद किसी भी प्रकार की जनसभा, रैली, लाउडस्पीकर, वाहन प्रचार या सार्वजनिक अभियान पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आचार संहिता का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिले की 182 ग्राम पंचायतों में मतदान तीन चरणों में कराया जाएगा। पहला चरण 26 मई, दूसरा चरण 28 मई, तीसरा चरण 30 मई, प्रत्येक चरण के लिए संबंधित क्षेत्रों में मतदान से 48 घंटे पहले प्रचार पूरी तरह रोक दिया जाएगा, ताकि शांतिपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न हो सके। जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार इस बार जिले में कुल 4145 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। चुनाव मैदान में जिला परिषद 69 उम्मीदवार,पंचायत समिति सदस्य के 407 उम्मीदवार, ग्राम पंचायत प्रधान के लिए 743 उम्मीदवार,उप प्रधान पद के लिए 800 उम्मीदवार, वार्ड सदस्य के लिए 2126 उम्मीदवार मैदान में हैं। इन सभी पदों पर अब प्रत्याशी अंतिम दौर में जनसंपर्क कर रहे हैं, क्योंकि जल्द ही प्रचार पूरी तरह थम जाएगा। सभी मतदान केंद्रों पर मतदान सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक कराया जाएगा। ग्राम पंचायतों की मतगणना मतदान समाप्त होते ही संबंधित मुख्यालयों में होगी, जबकि पंचायत समितियों और जिला परिषद की मतगणना 31 मई को निर्धारित केंद्रों पर संपन्न कराई जाएगी। जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत किया जा सके।
पहले चरण 26 मई को इन पंचायतों में होगा मतदान
झंडूता विकासखंड की ग्राम पंचायत धणी, भड़ोलीकलां, सलवाड़, पपलोआ, घराण, झबोला, बड़गांव, गेहडवीं, बैहना-जट्टा, डूहक, बैरीमिंया, डाहड़, बैहना-ब्राह्मणा, बलघाड़ तथा समोह शामिल हैं। इसी तरह विकास खंड घुमारवीं की ग्राम पंचायत अमरपुर, फटोह, बल्हचुराणी, कुहमझवाड़, पनोह, भुलस्वाएं, कोटलू- ब्राह्मणा, कपाहड़ा, हटवाड़, मोरसिंघी, देहरा हटवाड़, गतवाड़, भपराल, घंडालवीं, बरोटा, भराड़ी, सेउ, पट्टा, लुहारवीं, तल्याणा तथा कुठेड़ा मरहाणा जबकि विकासखंड सदर के अंतर्गत बामटा, बल्ह-बल्हवाणा, निचली भटेड, बरमाणा, बैरी रजादियां, धार टटोह, देवली, माकड़ी मारकंड, कोठीपुरा, छड़ोल, दयोथ, साई खारसी, छकोह, डोबा, बंदला, सिकरोहा तथा घ्याल शामिल है। इसी दिन श्री नयना देवी जी विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत तनवोल, टाली, री, मड़याली, खरकडी, माकडी, कौड़ावाला, बस्सी, दबट पंचायतों में चुनाव संपन्न होगा। बता दें कि जिले में कुल 182 ग्राम पंचायतों के 1140 वार्डों में यह निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होगी। विकास खंड झंडूता में 45 पंचायतें, घुमारवीं में 63 पंचायतें, सदर में 49 पंचायतें, श्री नयना देवी जी में 25 पंचायतें शामिल हैं।