संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़ (बिलासपुर)। भाजपा किसान मोर्चा घुमारवीं के अध्यक्ष देशराज शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार नित नए फरमान जारी कर लोगों पर आर्थिक बोझ डाल रही है। वहीं, केंद्र सरकार लोगों को राहत पहुंचाने में जुटी है।
कहा कि प्रदेश सरकार ने निगम की बस में सामान ले जाने पर किराया देने की अधिसूचना जारी कर आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ाने का काम किया है, जबकि केंद्र सरकार ने न केवल छह फसलों का समर्थन मूल्य बढ़ाकर किसानों की आर्थिकी मजबूत करने का प्रयास किया है। केंद्र सरकार ने गेहूं, जौ, चना, मसूर, सरसों और कुसुम के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी कर किसानों, केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनरों को डीए जारी कर दिवाली का तोहफा दिया है। कहा कि सरकार की अधिसूचना के अनुसार सामान का ऐसा किराया तो हवाई जहाजों में भी नहीं वसूला जाता है। तरह-तरह के टैक्स थोप रही इस सरकार ने लोगों को एचआरटीसी की बसों में मजबूरन खाली हाथ यात्रा करने का इंतजाम करके व्यवस्था परिवर्तन का एक और उदाहरण दिया है। यह सरकार के दिवालियेपन का एक प्रमाण भी है। यही हाल रहा तो आने वाले दिनों में यह सरकार खुली हवा में सांस लेने पर भी टैक्स लगा देगी।