दधोल कलां में दो घरों से चोरी हुए थे आभूषण, सब्जी विक्रेता के पास दिए सोने के चाक की तलाश जारी
जांच के दौरान रास्ते से खाली आभूषणों की डिब्बी भी बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। दधोल कलां गांव में दो घरों से सोने के आभूषण चोरी करने के मामले में पुलिस की जांच में नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस के अनुसार चोरी के आभूषण खरीदने वाले घुमारवीं के सुनार ने पूछताछ में गहने खरीदने की बात स्वीकार कर ली है। सुनार ने पुलिस को बताया कि उसने आभूषणों को पिघला दिया था। इसके बाद उसने पिघलाया हुआ सोना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने सोना कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि, चोरी के आभूषणों में शामिल सोने का एक चाक अभी बरामद नहीं हुआ है। आरोपी ने यह चाक घुमारवीं के एक सब्जी विक्रेता को दिया था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
मामले में पुलिस को एक और अहम साक्ष्य हाथ लगा है। घर से आभूषण चोरी करने के बाद आरोपी ने उनकी खाली डिब्बी रास्ते में फेंक दी थी। पुलिस ने तलाशी के दौरान डिब्बी भी बरामद कर ली है। इससे जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार दधोल पंचायत के दधोल कलां गांव का एक युवक कुछ दिन पहले अचानक घर से लापता हो गया था। परिजनों ने 26 अक्तूबर को इसकी सूचना भराड़ी थाना में दी थी। इसी बीच करवाचौथ के दिन परिवार के सदस्यों को घर में रखे सोने के आभूषण गायब होने का पता चला। परिजनों ने तलाश की तो गहने नहीं मिले। इस पर उन्हें घर से लापता हुए अपने बेटे पर शक हुआ। परिजनों ने अपने स्तर पर युवक की तलाश शुरू की तो वह दधोल कस्बे में प्रवासियों के एक कमरे में मिला। इसके बाद परिजन उसे पकड़कर भराड़ी थाना ले गए। पुलिस पूछताछ में युवक ने अपने घर और चाचा के घर से सोने के आभूषण चोरी करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि चोरी किए गए गहने अपने एक दोस्त को दिए थे।
पुलिस ने युवक के दोस्त को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाया। उसने बताया कि आभूषण घुमारवीं में एक सुनार की दुकान पर बेचे गए थे, जबकि सोने का एक चाक सब्जी विक्रेता को दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने सुनार से पूछताछ की। सुनार ने आभूषण खरीदने की बात कबूल करते हुए बताया कि उसने उन्हें पिघला दिया था। अब पुलिस को पिघलाया हुआ सोना मिल गया है, जबकि सोने के चाक की बरामदगी बाकी है। वहीं पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सुनार से सोना बरामद कर लिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
आरोपी ने अपने और चाचा के घर से चोरी किए थे गहने
बताया जा रहा है कि चोरी की इस वारदात में एक ही परिवार के दो घरों को निशाना बनाया गया था। आरोपी ने अपने घर के साथ-साथ चाचा के घर से भी सोने के आभूषण चोरी किए थे। पुलिस बरामद सोने और खाली डिब्बी को जांच में शामिल कर मामले की अन्य कड़ियां जोड़ रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।