सड़क सुधारीकरण होने के बाद आज से बहाल होगी सेवा
स्कूली बच्चों और कर्मचारियों को मिलेगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता (बिलासपुर)। झंडूता और घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। एचआरटीसी शनिवार से घुमारवीं-झंडूता बस सेवा को उसके पुराने रूट पर दोबारा शुरू करने जा रहा है। बस घुमारवीं से निहारी, बधाघाट, कलर मोड़, डून, मोही, बरठीं, भल्लू-बिल्लौर, पिपलुघाट पुल, धराड़, प्राहू, बलघाड़ और एसडीएम मुख्यालय आनंदघाट होते हुए झंडूता तक संचालित होगी।
यह बस पहले नियमित रूप से इसी मार्ग पर चलती थी, लेकिन लोक निर्माण विभाग की ओर से प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत भल्लू-बिल्लौर, पिपलुघाट, धराड़, प्राहू और बलघाड़ सड़क के सुधारीकरण कार्य के चलते मार्ग को अस्थायी रूप से वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया था। सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब निगम ने इस रूट पर बस सेवा बहाल करने का निर्णय लिया है। बस सेवा शुरू होने से क्षेत्र के स्कूली बच्चों, कॉलेज विद्यार्थियों, सरकारी व निजी कर्मचारियों तथा अन्य यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही लोगों का समय और परिवहन खर्च भी बचेगा। ग्रामीणों का मानना है कि इस रूट पर बस चलने से यात्रियों की संख्या बढ़ेगी और निगम के राजस्व में भी इजाफा होगा।
क्षेत्र के सुभाष वर्मा, प्रेम सिंह, इंद्र सिंह, गरजा राम, मिलाप चंद, ओंकार सिंह, शेर सिंह, बहादुर सिंह, कृष्ण सिंह, सुरेश कुमार, बिशन सिंह, विजय राम सहित अन्य ग्रामीणों ने बस सेवा बहाल करने के निर्णय का स्वागत किया है।
कोट
सड़क मार्ग बंद होने के कारण बस सेवा अस्थायी रूप से बंद की गई थी। अब सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बाद लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पहली अगस्त से घुमारवीं-झंडूता बस सेवा पुराने रूट पर नियमित रूप से संचालित की जाएगी। एचआरटीसी यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
-विवेक लखनपाल,क्षेत्रीय प्रबंधक, बिलासपुर