- शहर में लगने वाले जाम से मिलेगा लोगों को छुटकारा
- मंत्री धर्माणी ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के दिए आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं में सीर खड्ड पुल से मेला मैदान तक बनाया जा रहा बाईपास अप्रैल तक तैयार हो जाएगा। इसके बनने से शहर में लगने वाले जाम से छुटकारा मिलेगा।
इस बहुप्रतीक्षित बाईपास का निर्माण मार्च 2022 में शुरू हुआ था। अभी तक इस सड़क पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक राशि खर्च की जा चुकी है, लेकिन अभी तक यह बाईपास पैदल चलने तक लायक भी नहीं बना है। बीच में इसका काम बंद होने से इस पर कूड़े के ढेर लगना शुरू हो गए थे। अब फिर इसका काम शुरू हुआ है। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के आदेश दिए हैं। इस बाईपास के बनने से तहसील परिसर की ओर जाने वाले वाहनों को भीड़भाड़ वाले बाजार से होकर गुजरने से छुटकारा मिलेगा। इसके अलावा तहसील परिसर के साथ बनाई गई करीब एक करोड़ रुपये की पार्किंग का लाभ भी लोगों को मिलना जल्द शुरू हो जाएगा। लोग पार्किंग स्थल पर अपना वाहन ले जाने के लिए बाईपास का प्रयोग करेंगे। अभी बाईपास पर डंगे लगाए जा रहे हैं। साथ पुलिया का निर्माण भी शुरू कर दिया गया है। उम्मीद की जा रही है कि अप्रैल में होने वाले ग्रीष्मोत्सव में लोग इस सड़क का उपयोग कर पाएंगे।
कोट्
सीर खड्ड पुल से लेकर मेला ग्राउंड तक बनाए जाने वाले बाईपास के निर्माण को जल्द पूरा करने के आदेश दिए गए हैं। कोशिश की जाएगी के अप्रैल में होने वाले ग्रीष्मोत्सव तक बाईपास को आवागमन के लिए तैयार किया जा सके।
राजेश धर्माणी, तकनीकी शिक्षा मंत्री।