बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बंदला में चल रही अंडर-14 छात्र वर्ग की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
कबड्डी, खो-खो, वॉलीबाल और बैडमिंटन में खिलाड़ियों ने जीत के लिए खूब पसीना बहाया। कई मुकाबलों में टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। कबड्डी में घागस ने बरठीं को 24-11 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। वहीं चांदपुर और कंदरौर के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। चांदपुर ने कड़े संघर्ष के बाद कंदरौर को 56-52 से मात दी।
विज्ञापन
एक अन्य मुकाबले में बरठीं ने बंदला को 36-31 से हराया, जबकि बिलासपुर (एचपी बोर्ड) ने मल्यावर को 24-5 से शिकस्त दी। वॉलीबाल में बंदला ने चलैहली को 2-0 से हराया। बिलासपुर (एचपी बोर्ड) ने मल्यावर को 2-0 और चांदपुर को भी 2-0 से मात दी। चलैहली ने हवान को 2-0 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। खो-खो में चलैहली ने हवन को 16-15 के बेहद करीबी अंतर से हराया। बिलासपुर ने कुहमझवाड़ को 10-7 और बंदला ने चलैहली को 15-13 से हराकर मुकाबले अपने नाम किए।
बैडमिंटन में घागस ने हवान, कंदरौर ने चलैहली और बंदला ने बल्हचुरानी को 2-0 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ी जीत के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं।