-विभाग ने सर्वर में चल रही खराबी को किया सही
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम एवं उपभोक्ता मामले विभाग के सर्वर में चल रही खराबी को ठीक कर दिया गया। जिन उपभोक्ताओं ने उचित मूल्य की दुकान से राशन प्राप्त नहीं किया है वह 30 नवंबर तक राशन प्राप्त कर सकते हैं।
खाद्य आपूर्ति अधिकारी बृजेंद्र पठानिया ने बताया कि विभागीय सर्वर, जिसमें आरसीएमएस और पीओएस का आंकड़ा संग्रहित होता है, वह 19 अक्तूबर को क्रैश हो गया था। इसके चलते उपभोक्ताओं को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत ऑनलाइन आधारित प्रमाणीकरण प्रक्रिया के माध्यम से राशन प्राप्त नहीं हो पा रहा था। बहुत से उपभोक्ता अपना राशन प्राप्त नहीं कर पाए हैं। विभाग द्वारा अब विभागीय सर्वर को काफी प्रयासों के बाद ठीक कर लिया गया है। विभागीय सर्वर में खराबी के चलते विभाग द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि जिन राशन कार्ड उपभोक्ताओं ने अभी तक अक्तूबर का राशन नहीं लिया है, वह उपभोक्ता 30 नवंबर तक अपनी उचित मूल्य की दुकान से अपना राशन केवल बायोमेट्रिक प्रक्रिया के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं। यदि किसी उपभोक्ता को इसके बारे में किसी प्रकार की कठिनाई आती है तो वह विभाग के 01978-222349 या खंड में कार्यरत विभाग के निरीक्षक से संपर्क कर सकता है।