संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी बिलासपुर डॉ. प्रवीण कुमार ने कहा कि कैंसर, हृदय रोग, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मानसिक रोग आदि असंक्रामक रोग हैं। इनकी पहचान समय रहते होना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि असंक्रामक रोगों के लक्षण लंबे समय से न भरने वाला घाव, छाला या गांठ, स्तन में कोई घाव, गांठ या गिल्टी, मासिक धर्म में अतिरिक्त खून आना या बदबूदार पानी का आना, सांस फूलना, अचानक वजन कम या ज्यादा होना, बिना कारण बेचैनी या घबराहट होना, बार-बार पेशाब आना, भूख बहुत ज्यादा या बहुत कम लगना और पांव में सूजन होना, आंखों में दर्द, जलन, पानी बहना या कम दिखाई देने की शिकायत होना, बेहोशी के दौरे पड़ना, चक्कर आना, मुंह से छाग, आवाज का तुतलाना, मुंह टेढ़ा होना, सुनने में तकलीफ, कान में दर्द और पानी बहना आदि हैं।
असंक्रामक रोगों के कोई भी लक्षण आने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें। प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट तक लगातार व्यायाम करें और वजन संतुलित रखें। रोज कम से कम दो बार फल एवं सब्जियों का सेवन करें। सादा भोजन लें। इसमें नमक, चीनी तेल और मसाला कम हो। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से निरोग योजना के अंतर्गत 18 साल के ऊपर के सभी लोगों का मुफ्त वार्षिक हेल्थ चेकअप सुनिश्चित किया जा रहा है। इस योजना का लाभ उठाने के लिए नजदीक आशा कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ता से संपर्क करके अपने इलेक्ट्रॉनिक हेल्थ कार्ड जरूर बनवाएं।