नया और मौलिक कंटेंट तैयार करने की क्षमता रखता है जेनरेटिव एआई
कार्यशाला के पहले दिन छात्रों और शिक्षकों ने सीखी नई तकनीक
बिलासपुर कॉलेज में दो दिवसीय जेनरेटिव एआई कार्यशाला में छात्र दिखा रहे रुचि
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बिलासपुर कॉलेज में दो दिवसीय जेनरेटिव एआई कार्यशाला में छात्रों और शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई। प्राचार्य डॉ. पीएस कटवाल की अध्यक्षता में हुई कार्यशाला के पहले दिन प्राचार्य ने कहा कि आज के युग में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का महत्व तेजी से बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि जेनरेटिव एआई केवल तकनीक नहीं बल्कि रचनात्मकता और नवाचार का साधन बन गया है। उन्होंने छात्रों से कहा कि उन्हें इस क्षेत्र में कौशल विकसित करना चाहिए, ताकि वे भविष्य में नई संभावनाओं का लाभ उठा सकें। मुख्य वक्ता टेक्निकल हेड, एक्सीलेंस टेक्नोलॉजी मोहाली गौरव ने जेनरेटिव एआई के विभिन्न पहलुओं के बारे में बात की। बताया कि जेनरेटिव एआई मशीन लर्निंग एल्गोरिदम का उपयोग कर नया और मौलिक कंटेंट तैयार करने की क्षमता रखता है। इसका उपयोग दवा खोज, रोबोटिक्स, संगीत, कला और अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में किया जा सकता है। कार्यशाला के संयोजक डॉ. अश्वनी चंदेल ने बताया कि पहले दिन लगभग 170 प्रतिभागियों ने ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से भाग लिया। प्रो. अश्वनी ने कहा कि जेनरेटिव एआई केवल तकनीक नहीं, बल्कि समस्या समाधान और रचनात्मकता की नई परिभाषा पेश कर रहा है। मशीन लेखन, चित्रकला, संगीत-रचना और डिजाइनिंग जैसी मानवीय क्षमताओं को नई दिशा दे रहा है।
उन्होंने बताया कि कार्यशाला को हाइब्रिड पद्धति में आयोजित करने का उद्देश्य भौगोलिक सीमाओं को समाप्त करना और अधिक से अधिक प्रतिभागियों को जोड़ना है। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त परिवार मौजूद रहा और सभी ने एआई के अनुप्रयोगों और संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी प्राप्त की। कार्यशाला का दूसरा दिन भी विभिन्न व्यावहारिक सत्रों और प्रश्नोत्तरी के साथ जारी रहेगा, जिसमें प्रतिभागियों को जेनरेटिव एआई के वास्तविक उपयोग और मॉडलिंग के बारे में अनुभव प्राप्त होगा।