बिलासपुर। फोरलेन निर्माण कार्य में लगे ठेकेदारों ने बकाया राशि का भुगतान न होने पर रोष प्रकट किया है। ठेकेदारों ने प्रशासन से इस मामले में हस्तक्षेप कर भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की है। साथ ही बकाया राशि का भुगतान जल्द ना होने पर संघर्ष का रास्ता अपनाकर निर्माण कंपनी के अफसरों का घेराव करने की चेतावनी दी है।
कंपनी के पूर्व कर्मचारी सोहन लाल निवासी कांगू समेत ठेकेदार देव राज कप्टा निवासी रोहडू और किशोर राय घनाटी ने बताया कि इनफ प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने गावर कंपनी से सबलेटिंग पर किरतपुर से मनाली फोरलेन सड़क निर्माण कराया था। सोहन लाल ने बताया कि वह इनफ कंपनी में बतौर एचआर कार्य कर चुका है। कुछ समय बाद ही कंपनी भाग गई। वहीं ठेकेदार देव राज कापटा और किशोर राय ने कहा कि निर्माण कंपनियों के कारण ठेकेदारों के भूखों मरने की नौबत आ गई है। मजदूरों का भुगतान उनके सिर पर है। किस्त अदा न होने के कारण उनके कई वाहनों को बैंक तथा फाइनेंस कंपनियां उठाकर ले गई है।
फोरलेन निर्माण की मुख्य कंपनी गावर के पास उनका भुगता लंबित है। कंपनी के कार्यालय को भी अवगत करवाया गया कि इनफ कंपनी से लेबर और ठेकेदारों की बकाया राशि का भुगतान करें। उन्होंने कहा कि अब इनफ प्राइवेट लिमिटेड कंपनी अपने नुमाइंदे को गावर कंपनी से पूर्व का बकाया राशि को लेने के लिए भेज रही है। इन प्रभावित ठेकेदारों ने चेतावनी दी है कि अगर हमारा बकाया राशि का भुगतान न हुआ तो कंपनी के नुमाइंदों का घेराव करेंगे। उन्होंने बताया कि इस मामले में शिकायत एक बार फिर कार्रवाई के लिए जिलाधीश, एसपी व एसडीएम कार्यालय को दी गई है। पूर्व जिला परिषद बसंत राम संधू ने भी गावर कंपनी को सुझाव दिया कि कर्मचारियों व ठेकेदारों की राशि का भुगतान कर इनफ कंपनी को होने वाले भुगतान में समायोजित कर किया जाए।