घुमारवीं पुलिस ने फोरलेन पर लगाए नाके पर पकड़े
अदालत ने तीन दिन की रिमांड पर भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। घुमारवीं थाना पुलिस की विशेष टीम ने पंजाब और राजस्थान के चार युवकों को 651.8 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों को वीरवार को घुमारवीं अदालत में पेश किया गया, जहां से तीन दिन की रिमांड पर भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस की टीम ने बुधवार शाम को किरतपुर-मनाली फोरलेन पर रोहिण में नाका लगाया था। इसी बीच मंडी की ओर से आ रही एक कार को रोका गया। कार की तलाशी के दौरान सीट के नीचे एक कैरी बैग मिला, जिसमें 651.8 ग्राम चरस पाई गई। आरोपी करण शर्मा निवासी गांव दसुहा जिला होशियारपुर पंजाब, मंथन जैन निवासी सवाई माधोपुर राजस्थान, अर्जुन वेदनाई निवासी सवाई माधोपुर राजस्थान और कुणाल कुमार निवासी गांव मुकेरियां पंजाब को मादक पदार्थ अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया गया है। डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।