एपीएमसी के बहुमंजिला भवन का शिलान्यास करते सदर विधायक सुभाष ठाकुर।
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। कृषि उपज मंडी समिति बिलासपुर में करीब 1 करोड़ 71 लाख रुपये से बहुमंजिला भवन बनेगा। सदर विधायक सुभाष ठाकुर ने बुधवार को भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि बहुमंजिला भवन में बैठक हॉल, पार्किंग, दुकानें, आवास आदि की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। किसानों- बागवानों को अपने उत्पादों को बेचने के लिए एक उपयुक्त स्थान मिलेगा। उत्पादों को उचित मूल्य मिलेगा और अन्य मंडियों के भाव की जानकारी भी मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इस बहुमंजिला भवन का शिलान्यास मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पिछले वर्ष वीडियो कांफ्रेंसिंग से किया था। बुधवार को विधिवत रूप भूमि पूजन किया गया। उन्होंने कहा कि नए कृषि बिलों से किसानों को अपने उत्पादों को देश के किसी भी क्षेत्र में बेचने की सुविधा होगी। प्रदेश सरकार ने किसानों-बागवानों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाई हैं। किसानों की आय को दोगुना करने के लिए विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध करने के लिए सिंचाई योजनाओं की डीपीआर तैयार की जा रही है। इससे पहले 2 करोड़ रुपये से मार्केट कमेटी का भवन बनाया गया है।
इस दौरान अध्यक्ष एपीएमसी हंसराज ठाकुर ने कृषि उपज मंडी समिति के बहुमंजिला भवन निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत करवाने पर विधायक सुभाष ठाकुर का आभार प्रकट किया। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान, प्रदेश कार्य समिति सदस्य ब्रीज लाल, नगर परिषद अध्यक्ष कमलेंद्र कश्यप, उपाध्यक्ष कमल गौतम, जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष भूवनेश्वरी लूम्बा आदि उपस्थित रहे।