पीड़ित ने सहायक पंजीयक अधिकारी को दिया शिकायत पत्र
पूर्व सचिव पर पहले भी लग चुके हैं आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। सहकारी सभा बरठीं के पूर्व सचिव पर एक के बाद एक आरोप लगते जा रहे हैं। ग्राम पंचायत सुन्हाणी के विशाल खजूरिया ने सहायक पंजीयक अधिकारी बिलासपुर के पास लिखित में शिकायत पत्र दिया है, जिसमें सभा के पूर्व सचिव पर ब्याज की राशि हड़पने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत पत्र में बताया गया है कि उन्होंने 2018 में मेहनत मजदूरी कर ढाई लाख रुपये की एफडीआर सहकारी सभा के पूर्व सचिव रामपाल के पास जमा करवाई थी जो 2021 में ब्याज सहित 3,10,574 रुपये बन गई। खजूरिया ने बताया कि जब उसे लेने के लिए वह सभा कार्यालय में गया तो सचिव ने उससे कहा कि आपकी तीन लाख की एक और एफडीआर बना दी है और बाकी पैसे खाते में डाल दिए जाएंगे। खजुरिया ने बताया कि उनकी तीन लाख की एफडीआर पर उक्त सचिव ने 18,250 रुपये ब्याज लगा कर उसे 3,18,250 की राशि कंप्यूटर में दिखाई और कहा कि इस राशि को उसके खाते में डाल दिया जाएगा। खजूरिया ने बताया कि जब वह जरूरत पड़ने पर अपने पैसे लेने के लिए सहकारी सभा में गया तो उक्त सचिव ने उसे एक लाख की राशि दी और जब उसने कंप्यूटर में देखा तो ब्याज की कोई भी राशि खाते में जमा नहीं थी। इस कारण उसे अंदेशा हुआ कि सहकारी सभा के सचिव ने उसकी 18,250 और 10,574 रुपये ब्याज की राशि हड़प कर ली है। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने आगे शिकायत करने की बात कही तो सहकारी सभा के सचिव ने मात्र 875 रुपये की राशि का चेक देकर शांत रहने की बात कही। खजूरिया ने बताया कि सभा के सचिव ने उससे कहा कि सहकारी सभा तलाई में सबके पैसे डूब गए, लेकिन आपको आपका मूलधन तो मिल रहा है। इसमें ही खुश रहो, जिसकी शिकायत सहायक पंजीयक सहकारी सभाएं बिलासपुर से उन्होंने एक पत्र द्वारा कर दी है। खजुरिया ने मांग की है कि इसकी जांच कर उसकी जमा राशि उसको दिलवाई जाए। इससे पहले भी सभा सचिव के खिलाफ बिना ऋण दिए जमीन गिरवी रखना सहित अन्य गंभीर आरोप सभा के सदस्यों द्वारा लगाए जाने का मामला भी प्रकाश में आ चुका है जिसकी भी सहायक पंजीयक सहकारी सभाएं बिलासपुर से जांच करने की मांग की गई है। पूर्व सचिव रामपाल ने बताया कि सभी आरोप निराधार हैं। उधर, सहायक पंजीयक सहकारी सभाएं बिलासपुर भास्कर कालिया ने बताया कि उनके पास शिकायत आ चुकी है, जल्द ही जांच की जाएगी।