संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र गर्ग ने घुमारवीं के सिविल अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला बिलासपुर के दूसरे सबसे बड़े सिविल अस्पताल घुमारवीं में मरीजों को ग्लूकोज तक उपलब्ध नहीं हो रहा है, जबकि कई आवश्यक दवाइयां भी स्टोर में नहीं हैं। इसके कारण मरीजों और उनके परिजनों को बाजार से दवाइयां खरीदनी पड़ रही हैं।
रविवार को घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र की कोठी पंचायत के सोई गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लोगों की समस्याएं सुनने पहुंचे राजेंद्र गर्ग ने कहा कि प्रदेश सरकार बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात इसके विपरीत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि घुमारवीं के विधायक एवं और मंत्री अपने ही विधानसभा क्षेत्र के सबसे बड़े अस्पताल में मरीजों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में असफल रहे हैं। गर्ग ने कहा कि सिविल अस्पताल घुमारवीं, घुमारवीं, सदर और झंडूता विधानसभा क्षेत्रों के हजारों लोगों के लिए प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं और कई मरीज भर्ती रहते हैं। इसके बावजूद इमरजेंसी में ग्लूकोज और आवश्यक दवाइयों की कमी गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो भाजपा इस मुद्दे को जनता के बीच प्रमुखता से उठाएगी और सरकार से जवाब मांगेगी। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेश ठाकुर, जिला परिषद सदस्य निशा कुमारी, प्रधान मोनिका देवी, बीडीसी सदस्य सपना कुमारी, उप प्रधान विजय पाठक, राम गोपाल सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।