सरकंडा पुलिस ने एक परिवार को जान से मारने और दुर्घटना कराने की धमकी देकर 14.50 लाख रुपये और करीब 450 ग्राम सोने के आभूषण हड़पने के मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी, आभूषण, मोबाइल फोन और ठगी की रकम से खरीदा गया एक दोपहिया वाहन जब्त किया है। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार राजीव विहार निवासी एक व्यक्ति ने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि बीमारी के कारण उन्होंने बैंक खातों और लॉकर के संचालन की जिम्मेदारी अपनी पोती को सौंप रखी थी। आरोप है कि जनवरी 2025 से आरोपी आयुष यादव और उसके साथियों ने पोती को परिवार के सदस्यों और छोटे बच्चों की हत्या तथा सड़क दुर्घटना कराने की धमकी देकर भयभीत किया। डर का फायदा उठाकर आरोपियों ने एसबीआई और सहकारी बैंक खातों से किश्तों में कुल 14.50 लाख रुपये निकलवा लिए। इतना ही नहीं आरोपियों ने पीड़िता से घर के लॉकर में रखे करीब 450 ग्राम सोने के आभूषण भी अपने कब्जे में ले लिए।
ये भी पढ़ें: भारतमाला मुआवजा घोटाले पर ED का बड़ा शिकंजा: 12.78 करोड़ की 62 संपत्तियां कुर्क; 14 के खिलाफ कोर्ट में शिकायत
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आयुष यादव (22), आदर्श शर्मा (19), प्रिंस साहू (18) और आदित्य पांडे (19) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से 40 हजार रुपये नकद, सोने जैसी पीली धातु की दो अंगूठियां, एक चेन, मोबाइल फोन तथा अपराध की रकम से खरीदा गया दोपहिया वाहन बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि मामले में फरार आरोपी प्रियम शर्मा और शौर्य करोलिया की तलाश जारी है। सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।