शाहतलाई में पूर्व विधायक डॉ. बीरू राम किशोर के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ता मुख्यमंत्री सुख
-शाहतलाई की उप तहसील को पुनः बहाल करने का किया आग्रह
-तलाई में जल शक्ति विभाग उपमंडल कार्यालय खोलने की भी मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहतलाई(बिलासपुर)। कांग्रेस के पूर्व विधायक डॉ. बीरू राम किशोर की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल शाहतलाई में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मिला और क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण समस्याओं के समाधान के लिए मांग पत्र सौंपा। इस अवसर पर डॉ. बीरू राम किशोर ने मुख्यमंत्री को बाबा बालक नाथ जी की फोटो भेंट कर उनका स्वागत किया।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग पत्र में क्षेत्र के विकास और जनता की सुविधाओं के मद्देनजर कई मुद्दों को उठाया। उन्होंने शाहतलाई की उप तहसील को पुनः बहाल करने का आग्रह किया, ताकि स्थानीय लोगों को प्रशासनिक कार्यों के लिए अन्य जगहों पर न जाना पड़े। इसके साथ ही, लंबे समय से लंबित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने की मांग की, जिससे क्षेत्र की सफाई व्यवस्था में सुधार हो सके। इसके अतिरिक्त तलाई में जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता का उपमंडल कार्यालय दोबारा खोलने की आवश्यकता को भी सामने रखा गया। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि इस कार्यालय के बंद होने से लोगों को पानी और अन्य संसाधनों से जुड़ी समस्याओं के समाधान में कठिनाई हो रही है। शाहतलाई मंदिर से हेलीपैड ग्राउंड तक संपर्क सड़क को पक्का करवाने का भी अनुरोध किया गया। इस सड़क का पक्का होना यात्रियों, स्थानीय निवासियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, खासकर बाबा बालक नाथ जी के मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह जरूरी है।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि इन मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और जल्द ही उचित निर्णय लिया जाएगा।