-मक्खियों के आतंक से ग्रामीण बेहाल, महामारी फैलने का खतरा
-चेताया, 10 दिन में नहीं हुआ समस्या का समाधान तो करेंगे प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
स्वारघाट (बिलासपुर)। स्वारघाट के गरामोड़ा गांव स्थित एक पोल्ट्री फार्म की गंदगी और मक्खियों की समस्या ने आसपास के गांवों के लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि फार्म की मुर्गियों से फैलने वाली गंदगी, बदबू से इन गांवों में मक्खियों की संख्या बढ़ती जा रही है, जिससे महामारी फैलने का खतरा बन गया है।
गांव गरा, मौडू, टिक्करी, खातीवाल, बघेरी, कट्टल और मौड़ा के परेशान ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में एसडीएम स्वारघाट कार्यालय में पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। प्रशासन से मांग की कि पोल्ट्री फार्म को जल्द से जल्द वहां से हटाकर किसी दूरस्थ स्थान पर शिफ्ट किया जाए। चेतावनी दी कि अगर 10 दिन के भीतर इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे एसडीएम कार्यालय के बाहर भूख हड़ताल और धरना प्रदर्शन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। बताया कि फार्म से फैलने वाली मक्खियों की वजह से न केवल बच्चों, बल्कि हर उम्र के लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। लोग चाय, दूध, और भोजन करने में भी असमर्थ हो गए हैं क्योंकि मक्खियां हर चीज में गिर जाती हैं। स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों और शिक्षकों को भी इस गंदगी और मक्खियों के आतंक से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इनसेट
प्रशासन की निष्क्रियता से आक्रोश
खुशी राम, कृष्ण देव, गुरदास सिंह, प्रीतम सिंह, हेम राज, हरपाल, किरण ठाकुर, ज्योति, गोपाल चंद, सुमन, रेणु, विशाल ठाकुर, रुक्मिणी, शीला देवी, मीना देवी, दिनेश कुमार, देवी राम, गुरदयाल, अंजली ठाकुर, परमजीत कौर, देशराज, सरपाल सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि वे बार-बार पोल्ट्री फार्म मालिकों को इसकी शिकायत करते हैं, लेकिन उन्होंने अब तक इस समस्या को अनदेखा किया है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन और प्रदूषण विभाग ने भी इस मामले में ढुलमुल रवैया अपनाया हुआ है।
इनसेट
एसडीएम का आश्वासन, मौका निरीक्षण कर होगा समाधान
इस संबंध में एसडीएम स्वारघाट धर्मपाल चौधरी ने कहा कि जल्द ही घटना स्थल पर जाकर स्थिति का निरीक्षण किया जाएगा और उचित कार्रवाई की जाएगी।