- तीन दिन से सुलग रहे बंदला धार, झंडूता के जंगलों में फिर भड़की आग
- इस फायर सीजन में अब 123 मामले हुए दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर/बरठीं/ऋषिकेश। जिले में जंगलों की आग भयंकर रूप धारण करती जा रही हैं। शुक्रवार को करीब आधा दर्जन जगहों पर जंगल धधकने की मामले सामने आए। इनमें करीब 70 हेक्टेयर में वन संपदा राख हुई है। कुल मिलाकर इस फायर सीजन में जिले में अब तक 123 जंगलों में आग लगने की घटनाएं दर्ज हो चुकी हैं।
बिलासपुर शहर के साथ लगती बंदला धार शुक्रवार को भी आग से धधकती रही। इस धार पर पिछले तीन दिन से लगातार आग लगी हुई। इस धार पर एम्स के सामने और शहर के सामने का क्षेत्र आग से बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। आग से कई वन्य जीवों के मरने की भी आशंका है। उधर, उपमंडल झंडूता के तहत बड़ोलदेवी धार पर बुरड़ जंगल में वीरवार रात को आग लग गई। यह आग शुक्रवार को भी धधकती रही। शेरु सालसी जंगल में भी वीरवार शाम को आग लग गई। स्थानीय जनता ने अग्निशमन विभाग को आग लगने की सूचना दी। आग पर काबू पाने के लिए भरसक प्रयास किया गया, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि उसने पूरे जंगल को जला दिया। फॉरेस्ट गार्ड मनजीत ने बताया कि आग को बुझाने का पूरा प्रयास किया गया। उधर, ग्राम पंचायत बडग़ांव के जंगल भी आग की चपेट में घिरे हुए हैं। शुक्रवार को कई स्थानों पर आग लगने की घटनाएं हुई हैं। आग बुझाने के लिए वन कर्मियों के साथ पंचायत प्रतिनिधि, ग्रामीण और बच्चे लगे हुए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि जंगल में आग लगने का पता शुक्रवार सुबह करीब 9:00 बजे लगा। देखते ही देखते आग भीषण गर्मी और हवा चलने से चारों ओर फैल गई। ग्रामीणों ने पंचायत और दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। लोग खुद घरों से पानी लाकर आग बुझाने में लग रहे। दमकल विभाग की गाड़ी समय से मौके पर पहुंच गई, लेकिन जंगल तक सड़क न होने के कारण गाड़ी मुख्य सड़क पर ही खड़ी रही। आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि पंचायत के झरेड़ी, बल्ह और टिहरा गांव में लोगों के रिहायशी मकान की तरफ बढ़ गई। सड़क के साथ में पहुंचने पर दमकल विभाग और ग्रामीणों ने आग का पर काबू पा लिया। तब लोगों ने राहत की सांस ली। वन विभाग के वन खंड अधिकारी पवन कुमार और वनरक्षक प्रीतम ने आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत की और रिहायशी मकानों की तरफ से आग को रोकने में सफल रहे। पंचायत प्रधान निक्कू राम, पूर्व पंचायत समिति उपाध्यक्ष एस ठाकुर, करतार चंद, वीरभान, दिलु राम सहित अन्य ग्रामीण ने आग बुझाने में सहयोग किया।