हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के थाना तलाई के अंतर्गत बलसीना गांव में द्रुग खड्ड में डूूबने से अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। वह साथियों के साथ मछलियां पकड़ने के लिए द्रुग खड्ड में गया था। वहीं हादसा हुआ। शव देखकर परिजन बिलख पड़े। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बलसीना गांव का अधेड़े घर से करीब 2 किलोमीटर द्रुग खड्ड में दोस्तों के साथ मछलियां पकड़ने के लिए गया था। सभी साथी मछलियां पकड़ने के बाद अपने-अपने घर चले गए। लेकिन सुरेश कुमार घर नहीं पहुंचा। रात को परिजनों ने आस पड़ोस में पता किया लेकिन उनकी जानकारी नहीं मिली।
बुधवार को परिजन सुबह से ही सुरेश कुमार को ढूंढने निकले। करीब 1:00 बजे दोपहर जब वह खड्ड में पहुंचे तो उसे पानी में तैरता पाया। परिजन उसे सिविल अस्पताल बरठीं ले आए, जहां पर चिकित्सक इशांत शर्मा ने उसे मृत घोषित कर दिया। पंचायत प्रधान सुखदेव और उप प्रधान जितेंद्र गुलेरिया ने बताया कि सुरेश की पैर फिसलने के कारण पानी में डूबने से मौत हुई है। उनका शव दोपहर एक बजे घर से लगभग दो किलो मीटर दूर द्रुग खड्ड में मिला। पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि मृतक बीपीएल परिवार से संबंधित है उसकी मौत आकस्मिक हुई है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया है कि मृतक के परिजनों को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जाए।