श्री नयना देवी जी के नमेला में श्रद्धालुओं को गाड़ी में लगी आग। स्रोत: जागरूक पाठक
आनंदपुर साहिब से माता के दर्शनों के लिए आ रहे थे श्रद्धालु, सवारियां सुरक्षित, वाहन को नुकसान
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। शक्तिपीठ श्री नयना देवी के समीप नमेला गांव के पास सोमवार को श्रद्धालुओं की गाड़ी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी गाड़ी जलने लगी। गनीमत रही कि वाहन में सवार श्रद्धालुओं को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार पंजाब के आनंदपुर साहिब से श्रद्धालु गाड़ी में सवार होकर श्री नयना देवी मंदिर की ओर आ रहे थे। नमेला के पास पहुंचते ही अचानक वाहन में आग भड़क गई। आग की लपटें तेजी से फैलने के कारण कुछ ही देर में गाड़ी जलकर राख हो गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन में सवार श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पंजाब से आए एक श्रद्धालु ने बताया कि नमेला के पास अचानक गाड़ी में आग लग गई। उन्होंने कहा कि माता रानी की कृपा से सभी श्रद्धालु सुरक्षित बच गए और किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ।