पट्टा में फोरलेन पर दो अलग-अलग मामलों में स्पेशल डिटेक्शन टीम ने की कार्रवाई
पहले मामले में 37.17 और दूसरे में 20 ग्राम चिट्टा बरामद, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी कार्रवाई की है। स्पेशल डिटेक्शन टीम ने पट्टा में फोरलेन पर बसों की चेकिंग के दौरान दो अलग-अलग मामलों में करीब 57.01 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। दोनों मामलों में पंजाब के दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ थाना सदर में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर नशे की सप्लाई के स्रोत और इसके आगे के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
पहले मामले में पट्टा में फोरलेन पर बस की चेकिंग के दौरान अमित गुप्ता (42) निवासी दशमेश कॉलोनी, जीरकपुर, जिला मोहाली, पंजाब के कब्जे से 37.17 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। वहीं, दूसरे मामले में भी इसी स्थान पर बस की चेकिंग के दौरान पंकज (25) निवासी गुमटाला, तहसील व जिला अमृतसर, पंजाब के कब्जे से करीब 20 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी बिलासपुर क्षेत्र में चिट्टा बेचने के इरादे से इसे लेकर आए थे। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है।
ढाई माह में करीब 185 आरोपियों गिरफ्तार
जिले में ढाई माह में चिट्टा तस्करी के खिलाफ अभियान को और तेज किया गया है। ढाई माह में करीब 185 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं करीब 1.4 किलोग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य केवल नशा बरामद कर आरोपियों को पकड़ना नहीं, बल्कि पूरे सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचना है। इसमें पंजाब से अधिक तस्कर गिरफ्तार किए हैं। सभी मामलों में जांच जारी है।
कोट
बिलासपुर पुलिस नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। नशे की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए स्रोत से लेकर आगे के नेटवर्क तक गहन जांच की जा रही है। नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
-अभिषेक धीमान,पुलिस अधीक्षक,बिलासपुर