-घास , अनाज, इमारती लकड़ी जलकर राख
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं के तहत दधोल पंचायत के छंदोह गांव में आग लगने से एक पशुशाला जल गई। आग लगने की इस घटना से करीब पांच लाख रुपये से ज्यादा का नुकसान बताया जा रहा है। दो परिवारों के छह कमरों की दो मंजिला स्लेटपोश पशुशाला में रखी घास , अनाज, इमारती लकड़ी और अन्य सामान जल गया।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब 8 बजे छंदोह गांव के रत्न सिंह व बीरी सिंह की पशुशाला में अचानक आग लग गई। इस दौरान स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का भरसक प्रयास किया लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं और आग पर काबू न पाया जा सका। देखते ही देखते आग की लपटें पशुशाला के छह कमरों में दहक गईं। आग के कारण पशुशाला में बंधे मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। ऐसे में बड़ा नुकसान हो सकता था। पशुशाला के निचले तीन कमरों में घास, घास काटने की मशीन, कृषि संबंधी उपकरण, व इमारती लकड़ी रखी थी। ऊपर वाले तीन कमरों में अनाज से भरी टंकिया, घरेलू पुराना सामान व बर्तन आदि रखे थे। आग के कारण सब जलकर राख हो गया।
इस दौरान दमकल विभाग की गाड़ी व कर्मी मौके पर पहुंचे। खबर लिखे जाने तक अग्निशमन विभाग के कर्मी आग बुझाने में जुटे थे। स्थानीय पंचायत प्रधान कंचन में बताया कि आग के कारण लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित सहायता राशि मुहैया करवाने का आग्रह किया है।