3.13 लाख से अधिक मतदाता पंजीकृत, दो पंचायतों की सूची पुनर्गठन के बाद होगी जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले की ग्राम पंचायतों की मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। जिले की कुल 175 ग्राम पंचायतों में से 173 ग्राम पंचायतों की निर्वाचन नामावली को अंतिम रूप दे दिया गया है। इसमें पंचायत समिति सदर, घुमारवीं, झंडूता, श्री नयना देवी जी तथा जिला परिषद बिलासपुर के सभी निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। इन 173 ग्राम पंचायतों में कुल 3 लाख 13 हजार 888 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 1 लाख 57 हजार 692 पुरुष तथा 1 लाख 56 हजार 196 महिला मतदाता शामिल हैं।
पंचायती राज नियमों के तहत हुआ अंतिम प्रकाशन
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि पंचायती राज संस्थाओं की मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन हिमाचल प्रदेश पंचायती राज (निर्वाचन) नियम, 1994 के प्रावधानों के तहत किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 1129 ग्राम पंचायत वार्ड, 97 पंचायत समिति वार्ड तथा 14 जिला परिषद वार्ड निर्धारित किए गए हैं।।उपायुक्त ने बताया कि ग्राम पंचायत बाडनू-दिगथली और ग्राम पंचायत सुई-सुरहाड का पुनर्गठन कार्य अभी पूर नहीं हो पाया है। इन दोनों ग्राम पंचायतों की मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन पुनर्गठन प्रक्रिया पूरी होने के बाद किया जाएगा।