संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। पुलिस थाना घुमारवीं के तहत कोटलु ब्रह्मणा गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने पुलिस थाना घुमारवीं में शिकायत दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहले पक्ष में शिकायतकर्ता ने बताया कि वह और उसकी बहू खेत में एंगल लगा रहे थे। इस दौरान उनके ही गांव के चार लोग जबरन उनके खेत में आए गए और उनके साथ मारपीट करने लगे और गालियां देने लगे। वह लोग जमीन पर अपना हक बताने लगे। बताया कि हालांकि इस जमीन का फैसला कोर्ट से उनके पक्ष में हुआ था और इस साल जून माह में पुलिस की मौजूदगी में कानूनगो ने उन्हें कब्जा दिलाया था। इसके बाद अब जब इस जमीन पर एंगल लगाने लगे तो इन लोगों ने उनके साथ मारपीट की। वहीं दूसरे पक्ष ने शिकायत में बताया कि उसका भाई और भाभी बकरियों के शेड में सफाई कर रहे थे। इसी दौरान उनके पड़ोसी आए उसके भाई और भाभी के साथ मारपीट करने लगे।
उधर, थाना प्रभारी विपिन चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगामी कार्रवाई जारी है।