- मामले की जांच को लेकर एसपी भेजा ज्ञापन
- वीरवार को पट्टा पुल के नीचे मिला था व्यक्ति का शव
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सदर थाना क्षेत्र के किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर पट्टा पुल के नीचे वीरवार को मिले मृत व्यक्ति के पिता ने हत्या करने का शक जाहिर किया है। पिता ने कुछ लोगों पर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र दिया है।
शिकायत में सरवण कुमार निवासी गांव जोल डाकघर कल्लर जिला बिलासपुर ने बताया है कि 19 जून की रात को बेटा पवन कुमार दाड़लाघाट से ट्रक लेकर आ रहा था। मंडी भराड़ी में उसे मारकर पुल के नीचे फेंक दिया। ट्रक भी सड़क पर स्टार्ट अवस्था में था, जबकि बेटे की बाजू तीन जगह से टूटी हुई थी। इससे लगाता है कि बेटे को चलते ट्रक से उतार कर पीटा गया और करीब 60 मीटर दूर पुल के नीचे फेंक दिया। शिकायतकर्ता ने पत्र में कुछ लोगों के नाम लिखकर उन पर हत्या करने का शक जाहिर किया। साथ ही बताया है कि बेटे ने अपनी पत्नी को उन लोगों से धमकियां मिलने की बात भी बताई थी। शिकायतकर्ता ने मांग की है कि रास्ते में लगे सीसीटीवी की जांच की जाए। साथ ही कॉल रिकॉर्ड भी निकाली जाए। शिकायतकर्ता ने पंचायत प्रधान पर भी मामले को दबाने का आरोप लगाया है।